जिले में रात हुई मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। निचले इलाकों में जलभराव होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं शहर के हालात भी बद से बदतर हो गए। सरकारी कार्यालयों समेत प्रमुख सड़कों और मोहल्लों में जलभराव हो गया।
प्री मानसूनी बारिश ने यूं तो पखवाड़ा पहले ही दस्तक दे दी थी, लेकिन शुक्रवार रात हुई बारिश ने शनिवार को शहर के हालात बद से बदतर कर डाले। लगातार बारिश से शहर के हाल ही साफ हुए नाले भी उफना गए, जिसके चलते शहर की कुछ कालोनियों और मोहल्लों में पानी भर गया। वहीं निचले स्थानों पर बसे मोहल्लों में भी भारी जलभराव हो गया। बारिश के दौरान नगर पालिका के सफाई कर्मी चोक नालियों को खोलते देखे गए। वहीं रेलवे स्टेशन, रोडवेज व प्राइवेट बस स्टैंड, प्रमुख चौराहों पर भी रोज की अपेक्षा कम लोग ही दिखे।
यहां हुआ जलभराव
आफीसर्स कॉलोनी, अशोक कॉलोनी, एकता नगर कॉलोनी, बल्लभनगर कॉलोनी, शारदा कालोनी, मोहल्ला शेरमोहम्मद, सुनगढ़ी, मोहम्मद वासिल, शेरों वाली मठिया, पकड़िया, फीलखाना, पंजाबियान, राजीव कॉलोनी, जोशी कॉलोनी, रेलवे कॉलोनी आदि।
सरकारी कार्यालय बने तालाब
रात हुई मूसलाधार बारिश के बाद अगले दिन सबसे ज्यादा बुरे हालात सरकारी दफ्तरों के रहे। शहर स्थित सीएमओ कार्यालय, सूचना कार्यालय, बीएसए कार्यालय, डीआईओएस कार्यालय, जीआरपी थाना, पुलिस लाइन, एक्सईएन विद्युत कार्यालय आदि में कई-कई फिट जलभराव हो गया।
बीसलपुर। शनिवार सुबह हुई मूसलाधार बारिश के बाद लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की। वहीं नगर मेें चौंसरा रोड, अस्पताल चौराहा, बारह पत्थर चौराहा, डाकखाना रोड आदि स्थानों पर भारी जलभराव हो गया, जिससे यातायात प्रभावित रहा।