पीलीभीत। जिले में बीते तीन दिन से हो रही लगातार बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। सोमवार को भी रुक-रुककर जारी बारिश ने शहर को तालाब में तब्दील कर दिया। मुख्य मार्गों पर दो से तीन ट तक पानी भर गया, जबकि मोहल्लों और कॉलोनियों की गलियां पूरी तरह जलमग्न हो गईं। हालात इतने खराब हैं कि अधिकारी कॉलोनी के आवासों में भी बारिश का पानी पहुंच गया है। इससे लोगों को घरों से बाहर निकलने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
शहर के गांधी स्टेडियम, स्टेशन रोड, टनकपुर हाईवे और दूधिया मंदिर मार्ग पर दो से तीन फुट तक पानी जमा रहा। जलभराव के कारण कई जगह दोपहिया वाहन बीच रास्ते में ही बंद हो गए। लोग अपनी मोटरसाइकिल खींचते नजर आए। इधर, मोहल्लों काला मंदिर, नखासा, देशनगर, सुनगढ़ी, फीलखाना, डालचंद और बागगुलशेरखां में नालियां चोक होने से हालात और बिगड़ गए।
कॉलोनियों में घरों तक पहुंचा बारिश का पानी
गंगोत्रीपुरम, कृष्ण बिहार, वल्लभनगर कॉलोनी, गोदावरी स्टेट, अशोक कॉलोनी, सुरभि कॉलोनी, अवध नगर कॉलोनी और अधिकारियों की ऑफिसर्स कॉलोनी में घरों तक पानी घुस गया है। सोमवार को लोगों को घरों में रखे फर्नीचर और सामान को बचाने के लिए मशक्कत करनी पड़ी। अधिकारियों ने भी अपने घरों का सामान पानी से बचाने के लिए जतन किए।
चार दिन में 80 मिमी से ज्यादा बारिश दर्ज
पिछले चार दिनों में अब तक जिले में करीब 80 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है। लगातार जारी बरसात से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त है। लोग घरों में कैद रहने को मजबूर हैं, वहीं नगर निकाय की व्यवस्थाओं की पोल जलभराव ने खोल दी है।
कचहरी से लेकर विकास भवन तक भरा पानी
पीलीभीत। लगातार हो रही बारिश के चलते सोमवार को कचहरी में भी जलभराव की स्थिति बन गई। अधिवक्ताओं के चैंबर में पानी भर गया है। टनकपुर रोड से कलक्ट्रेट जाने वाले मार्ग पर पानी आ गया है। जिला उपभोक्ता फोरम कार्यालय, विकास भवन परिसर में भी पानी भर गया। जिला संयुक्त बार एसोसिएशन के अध्यक्ष धीरेंद्र मिश्र एडवोकेट ने बताया कि बारिश एवं जलभराव के कारण अधिवक्ताओं एवं वादकारियों को काफी असुविधा हो रही है।बारिश के कारण कचहरी में जन सामान्य की उपस्थिति बहुत कम रही। कलक्ट्रेट में दर्जनों दुकानों में भी पानी भर गया है। संवाद
जलभराव से परेशान गंगोत्रीपुरम और कृष्ण बिहार कॉलोनी के लोगों ने जाम की सड़क
डिग्री कॉलेज चौराहा से सुनगढ़ी और नई बस्ती जाने वाले मार्ग पर वाहनों की कतारें लगी
- जानकारी पर घुटनों तक पानी से होकर गन्ना राज्यमंत्री मौके पर पहुंचे
- डीएम के पहुंचने पर स्थिति पर नाराजगी जताते हुए सुधार करने के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। लगातार बारिश से शहर में जलभराव की समस्या ने लोगों का सब्र तोड़ दिया है। सोमवार को गंगोत्रीपुरम और कृष्ण बिहार कॉलोनी क्षेत्र के घरों में जलभराव से परेशान लोगों ने सड़क जाम कर दिया। जानकारी पर गन्ना राज्यमंत्री मौके पर पहुंचे और जलभराव का जायजा लिया। डीएम के पहुंचने पर उन्होंने स्थिति पर नाराजगी जताकर सुधार कराने के निर्देश दिए।
शहर के गंगोत्रीपुरम, कृष्ण बिहार क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश से जलभराव के चलते स्थिति बिगड़ गई है। सड़कों के लबालब होने के साथ ही घरों में भी पानी घुस गया है। जल निकासी की व्यवस्था न होने से सोमवार को क्षेत्र के लोग भड़क गए। तिराहे पर जाम लगा दिया। जाम लगने से डिग्री कॉलेज चौराहा से सुनगढ़ी और नई बस्ती जाने वाले मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
यातायात पूरी तरह से ठप हो गया। राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सूचना पर गन्ना राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार खुद मौके पर पहुंचे। उन्होंने घुटनों तक पानी में उतरकर स्थिति का जायजा लिया। मंत्री ने नाराजगी जताते हुए डीएम ज्ञानेंद्र सिंह को मौके पर बुलाया और जलभराव की समस्या को जल्द दूर करने के निर्देश दिए।
साथ ही नगर पालिका के ईओ पर कार्रवाई करने की बात भी कही। इसके बाद डीएम ने ईओ को तत्काल प्रभाव से जलभराव हटाने के लिए हरसंभव कदम उठाने के निर्देश दिए। करीब आधे घंटे तक मंत्री और अफसर हालात का मुआयना करते रहे। स्थिति में सुधार के आश्वासन के बाद ही लोग शांत हुए। मंत्री कई अन्य इलाकों में पहुंचे और नालों में पटी गंदगी को अपनी मौजूदगी में साफ कराया।
बारिश से बेहाल शहर के अफसरों ने परखे हालात
पीलीभीत। कई दिन से जारी बारिश ने शहरवासियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। अधिकांश इलाकों में जलभराव की समस्या आमजन के लिए बड़ी मुसीबत बन गई है। सोमवार सुबह हालात का जायजा लेने डीएम ज्ञानेंद्र सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व ऋतु पूनिया और सिटी मजिस्ट्रेट विजयवर्धन तोमर टीम के साथ शहर में निकले। अधिकारियों ने गांधी स्टेडियम रोड, अशोक कॉलोनी, काशीराम बरातघर समेत कई प्रभावित इलाकों में पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। जलभराव से परेशान लोगों से बातचीत की।
निरीक्षण के दौरान अफसरों ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी संजीव कुमार को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि जलभराव को दूर करने के लिए तुरंत प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि लोगों को राहत मिल सके। वहीं प्रशासन की टीम ने जलनिकासी की व्यवस्था को तेज करने और नालियों की सफाई पर भी जोर दिया। संवाद
बारिश से टाइगर रिजर्व में जलभराव, वन्यजीवों की निगरानी तेज
कलीनगर। जिले में लगातार दो दिन से हो रही बारिश का असर अब पीलीभीत टाइगर रिजर्व पर भी दिखाई देने लगा है। भारी बारिश के चलते जंगल के कई हिस्सों में जलभराव हो गया है। खासकर माला रेंज के अंतर्गत कई स्थानों पर पीलीभीत मार्ग पर पानी भरकर बहने लगा है, जिससे वन्यजीवों और आम आवाजाही दोनों पर असर पड़ रहा है।
जंगल में पानी भरने से वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास पर दबाव बढ़ गया है। कई जगहों पर छोटे जीवों को सुरक्षित ठिकाने तक पहुंचने में कठिनाई हो रही है। वहीं जलभराव के कारण निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। वन अफसरों ने रेंज स्तर के अफसरों को क्षेत्र में गश्त और निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि हालात पर कड़ी नजर रखी जा सके और किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। संवाद
आफीसर्स कॉलोनी मेें एएसपी विक्रम दहिया के आवास में जलभराव। संवाद
आफीसर्स कॉलोनी मेें एएसपी विक्रम दहिया के आवास में जलभराव। संवाद