पीलीभीत। शाहजहांपुर रेल खंड का निरीक्षण करने के लिए पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक रविवार को सुबह जीएम स्पेशल से जंक्शन पहुंचेंगे। शाहजहांपुर तक स्पीड निरीक्षण और शाहजहांपुर से पीलीभीत के बाद विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण करेंगे। दोपहर 12 बजे वापस लौटकर बरेली के लिए रवाना हो जाएंगे। हालांकि जीएम के निरीक्षण के बाद इस रूट पर ट्रेनों का संचालन की जल्द ही संभावना जताई जा रही है।
आमान परिवर्तन पूरा होने के बाद भी शाहजहांपुर रेल खंड पर ट्रेनों का संचालन शुरू नहीं हो सका। इसको लेकर रविवार को रेलवे के महाप्रबंधक (जीएम) राजीव त्रिपाठी रविवार को निरीक्षण करने के लिए पहुंचेंगे। जीएम स्पेशल सुबह 07:53 बजे जंक्शन पहुंचेगी। शाहजहांपुर के लिए 07:55 बजे स्पेशल रवाना होकर 09:05 बजे शाहजहांपुर पहुंचेगी। शाहजहांपुर में 40 मिनट तक निरीक्षण करने के बाद 09:45 बजे वापस पीलीभीत के लिए रवाना होगी। 10:25 बजे बीसलपुर स्टेशन पर पहुंचेगी। इसके बाद यहां 35 मिनट निरीक्षण करने के बाद पीलीभीत के लिए रवाना हो जाएगी। 12:10 बजे पीलीभीत जंक्शन पहुंचने के बाद 12:18 बजे बरेली के लिए रवाना होंगे। स्टेशन अधीक्षक धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि सुबह महाप्रबंधक निरीक्षण के लिए पहुंचेंगे। इसके बाद शाहजहांपुर रूट का निरीक्षण करने के बाद लौट जाएंगे। रेल सूत्रों ने बताया कि जीएम के निरीक्षण के बाद जल्द ही इस रेल खंड पर ट्रेनों को संचालन शुरू हो सकता है। ट्रेनों के संचालन को लेकर ही निरीक्षण बताया जा रहा है।