पीलीभीत। जंक्शन की दीवारों पर बहुत जल्द ही जिले की सुप्रसिद्ध बांसुरी की रंगत देखने को मिलेगी। रेलवे द्वारा बांसुरी की पेंटिंग के लिए प्रक्रिया चल रही है। मंडल रेल प्रबंधक आशुतोष पंत के साथ स्पेशल ट्रेन से विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण करने पहुंचे पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक (जीएम) विनय कुमार त्रिपाठी ने इस बात पर अपनी सहमति जतायी। उन्होंने जंक्शन पर यात्रियों की सुविधाओं का भी जायजा लिया। स्टाफ को साफ-सफाई दुरुस्त रखने के निर्देश देने के बाद टनकपुर रवाना हो गए।
त्रिवेणी एक्सप्रेस ट्रेन संचालन से पहले जीएम विनय कुमार त्रिपाठी ने शनिवार को स्पेशल ट्रेन द्वारा बरेली सिटी से पीलीभीत तक विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। बरेली सिटी से विंडो ट्रेलिंग करते हुए जीएम स्पेशल सुबह 11:40 बजे पहुंचे। उन्होंने स्टेशन का निरीक्षण किया। रेल प्रशासन द्वारा दी जा रहीं यात्री सुविधाओं का जायजा लेने के बाद बुकिंग कार्यालय, आरक्षण कार्यालय रिटायरिंग रूम, प्रतीक्षालय, पैनल रूम, आरपीएफ थाना भवन का गहनता से निरीक्षण किया। मौजूद अधिकारियों से जानकारी की और निर्देश दिए। करीब 40 मिनट तक निरीक्षण किया। अधिकारियों से ट्रेनों के संचालन और विद्युतीकरण कार्य के बारे में भी जानकारी की। पत्रकार वार्ता में महाप्रबंधक ने कहा कि त्रिवेणी एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन शुरू हो रहा है। जन शताब्दी ट्रेन को भी जल्द ही चला दिया जाएगा। मैलानी सेक्शन भी जल्द चालू हो जाएगा। शाहजहांपुर रूट पर शहबाजनगर काम पूरा हो चुका है। शाहजहांपुर जुड़ते ही इस रूट पर भी ट्रेनों का संचालन शुरू हो जाएगा।
तिरंगा लगवाने को लेकर सौंपा ज्ञापन
सिविल लाइंस साउथ निवासी शिवम कश्यप ने जीएम को ज्ञापन सौंपकर टनकपुर से देहरादून, बरेली दिल्ली इंटरसिटी, जम्मूतवी, आगरा फोर्ट, गोरखपुर वाया लखनऊ, पटना के लिए ट्रेनों का संचालन, स्टेशन परिसर में तिरंगा लगवाने, टाइगर रिजर्व और ऐतिहासिक धरोहरों की बाल पेंटिंग कराने, जनपद की प्रसिद्ध बांसुरी और चावल के स्टाल लगवाने, समेत छह सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। जीएम ने ज्ञापन लेने के बाद जल्द ही विचार करने का आश्वासन दिया।
शाहजहांपुर रूट पर शहबाजनगर तक काम पूरा होने के बाद सीआरएस निरीक्षण हो चुका है। इसके बीच ट्रैक जल्द ही जोड़ा जाएगा। फिर इस रूट पर ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। मैलानी रूट पर जंगल एरिया में कुछ दिक्कते हैं, मगर समाधान की प्रक्रिया चल रही है। फिर ब्रॉडगेज का काम पूरा होने पर ट्रेनों का आवागमन शुरू हो जाएगा।- विनय कुमार त्रिपाठी, महाप्रबंधक पूर्वोत्तर रेलवे