बीसलपुर। तीन मजदूरों ने शुक्रवार की शाम पुलिस को तहरीर देकर मजदूरी का 4.20 लाख रुपया हड़पकर भागने वाले पंजाब के ठेकेदार के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है।
तहरीर में कहा गया है कि पंजाब के जिला एसवीएस नगर के गांव टक रला के एक ठेकेदार ने किसान सहकारी चीनी मिल में ड्रायल हाउस का ठेका लिया था। ठेकेदार ने आसपास के गांवों के 42 मजदूरों से ड्रायल हाउस में काम कराया था। मजदूरों की मजदूरी 4.20 लाख रुपया बनी थी। ठेकेदार ने पिछले सप्ताह वह धनराशि चीनी मिल से ले ली और मजदूरों को दिए बगैर चुपचाप पंजाब भाग गया। इस बीच मजदूरों ने ठेकेदार से फोन पर बात करने का प्रयास किया लेकिन ठेकेदार ने फोन नहीं उठाया। तहरीर में ठेकेदार को नामजद करते हुए उसके विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की गई है। तहरीर में ठेकेदार के मकान का नंबर भी दिया गया है। तहरीर मजदूर गांव जसोली निवासी श्यामाचरन वर्मा, गांव अहिरपुरा नगला निवासी अवधेश कुमार और पप्पू ने संयुक्त रूप से दी है। पुलिस ने अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। हलका दरोगा हरबंस कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।