थम गया प्रचार, अब शुरू हुई घर-घर परिक्रमा
15 फरवरी को होने वाले मतदान के लिए सोमवार शाम से प्रचार थम गया। करीब एक माह से दौड़ रहे वाहन प्रत्याशियों के कार्यालयों पर खड़े हो गए। अंतिम दिन प्रत्याशियों ने प्रचार में पूरी ताकत झोंकी। अब प्रत्याशी और समर्थक पैदल घूमकर लोगों से संपर्क में जुट गए हैं। विधानसभा चुनाव की घोषणा के साथ शुरू हुआ चुनाव प्रचार आयोग के निर्देश पर सोमवार को समाप्त हो गया। अंतिम दिन प्रत्याशियों ने पूरी ताकत झोंकी। कहीं रोड शो तो कहीं नुक्कड़ सभाओं का दौर चला। वहीं कई प्रत्याशियों ने क्षेत्र में तूफानी दौरे किए। चुनावी शोर थमने से जहां आम लोगों ने राहत महसूस की वहीं इससे लगे कई लोग बेरोजगार हो गए। जनसभा, रैली, नुक्कड़ सभाएं बंद होने के बाद अब प्रत्याशी घर-घर पहुुंचने के प्रयास में स्वयं एवं अपने कार्यकर्ताओं को लगा रहे हैं। इसके लिए मोहल्लों एवं समर्थकों की बैठकें एवं गोष्ठियां भी मंगलवार देररात तक चलने की उम्मीद है। चुनाव प्रचार बंद होने के बाद प्रचार वाहन प्रत्याशियों के चुनाव कार्यालयों पर एकत्र हो गए। कार्यालयों पर काफी गहमा गहमी दिखी और छुटभैया नेता अपनी मेहनत के कसीदे स्वयं पढ़ने में जुटे हुए हैं।
तैयारियां पूरी, आज रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां
विधानसभा चुनाव के लिए बुधवार को होने वाले मतदान के लिए प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। मंगलवार को मंडी समिति से पोलिंग पार्टियां रवाना की जाएंगी। इसके लिए वाहनों की अधिग्रहण कर मंडी समिति में एकत्र कराया गया है।
विधानसभा चुनाव के लिए जिले के 1427 बूथों के लिए इतनी ही पोलिंग पार्टियां बनाई गई हैं। इसके अलावा करीब 80 पार्टियों को रिजर्व रखा गया है। पोलिंग पार्टियां को दी जाने वाली चुनाव सामग्री को मंडी पहुंचा दिया गया है। मंगलवार को सभी पोलिंग पार्टियों को सामग्री देकर बूथों पर रवाना किया जाएगा। इसके लिए सभी मतदान कर्मियों, जोनल, सेक्टर, माइक्रो आब्जर्वर एवं अन्य अधिकारियों को मंडी समिति में बुलाया गया है। सुबह 10 बजे से पोलिंग पार्टियों को उनके बूथों की जानकारी देकर सामग्री दी जाएगी इसके बाद पार्टियां बूथों पर रवाना होगी। शाम तक बूथों पर पहुंचकर सभी टीमों को अधिकारियों को सूचित करना होगा।
मंडी में वाहनों का रेला : पोलिंग पार्टियां रवाना करने के लिए प्रशासन ने लगभग 850 वाहनों का अधिग्रहण किया है। इसमें 300 बड़े (बस, ट्रक) और 250 छोटे वाहन (मैजिक, कार, बोलेरो आदि) हैं। इसके अतिरिक्त करीब 300 छोटे बडे वाहन पुलिस लाइन में पुलिस पार्टियां भेजने को एकत्र किए गए हैं।