पिता पर तेजाब फेंकने की सूचना पर पहुंची थी टीम, आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
पीलीभीत। पिता पर तेजाब फेंकने की सूचना पर पहुंची डायल 112 की पीआरवी पर आरोपी युवक ने पथराव कर दिया। पथराव में पुलिस वाहन के तीन शीशे टूट गए। घटना के बाद आरोपी भाग गया। पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने, नुकसान पहुंचाने समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
थाना सुनगढ़ी क्षेत्र में शुक्रवार सुबह यूपी डायल 112 कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला देशनगर निवासी ने अपने पिता को कमरे में बंद कर उन पर तेजाब फेंक दिया है। सूचना मिलते ही पीआरवी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने देखा कि घर के बाहर ताला लगा हुआ था और आरोपी की मां जमुना देवी सड़क पर खड़ी थीं। सूचना के बाद आसपास के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए। पुलिस की मौजूदगी में जमुना देवी घर का ताला तुड़वा रही थीं। इसी दौरान आरोपी प्यारेलाल मौके पर पहुंच गया और गुस्से में पीआरवी वाहन पर पथराव शुरू कर दिया। पत्थर लगने से वाहन के पीछे और चालक साइड के तीन शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। इसके बाद पुलिस ने घर के अंदर जाकर जांच की तो जमुना देवी के पति सुरक्षित मिले।
पुलिस का कहना है कि आरोपी ने पिता के ऊपर ज्वलनशील पदार्थ फेंका था, लेकिन उसकी क्षमता काफी कम थी। मामले में पीआरवी पर तैनात कर्मचारी कमाल शाह की तहरीर पर आरोपी प्यारेलाल के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। कोतवाल सत्येंद्र कुमार ने बताया कि जांच में सामने आया है कि आरोपी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। हालांकि जांच जारी है। संवाद