वार्ड नं एक में नगर पंचायत के खिलाफ विरोध करते वार्डवासी। संवाद
बरखेड़ा। नगर पंचायत बरखेड़ा के ठेकेदार की लापरवाही के कारण स्थानीय लोगों को गंभीर जलभराव और नारकीय जीवन जीने को मजबूर होना पड़ रहा है। सरकारी अस्पताल चौराहे से रेलवे लाइन की ओर जाने वाली सड़क पर ठेकेदार द्वारा नाला निर्माण और पेयजल पाइपलाइन का काम बीच में ही अधूरा छोड़ दिए जाने से गुस्साए वार्डवासियों ने नगर पंचायत के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
पिछले दो महीनों से सड़क किनारे गड्ढे खोदकर और नाला निर्माण का काम अधूरा छोड़ दिया गया है। आगे पानी की निकासी का कोई प्रबंध न होने के कारण बारिश और घरों का गंदा पानी स्थानीय लोगों के दरवाजों के सामने एकत्र हो रहा है, जो अब छोटे-छोटे तालाबों में तब्दील हो चुका है। इस दौरान प्रदर्शन करने वालों में मुख्य रूप से ऊषा देवी, चंद्रकली, सुनीता देवी, चंद्रप्रकाश, सोनू भारद्वाज, नन्हे जोशी आदि रहे।
इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए अधिशासी अधिकारी एवं बीसलपुर के एसडीएम नागेंद्र पांडेय ने बताया कि जमा पानी के निकासी के लिए निर्देश जारी कर दिए गए हैं।