गेहूं खरीद शुरू न होने के विरोध में पूरनपुर मंडी समिति में प्रदर्शन करते किसान-संवाद
पूरनपुर। मंडी समिति के केंद्रों पर गेहूं की खरीद शुरू न होने के विरोध में सोमवार को किसानों ने पूरनपुर मंडी परिसर में प्रदर्शन किया। साथ ही शीघ्र ही गेहूं की खरीद शुरू न होने पर मंगलवार को प्रदर्शन कर डिप्टी आरएमओ का पुतला फूंकने की चेतावनी दी।
एक दिन पहले तेज हवा के साथ हुई बूंदाबांदी के बाद सोमवार को तेज धूप निकलने से गेहूं की तेजी से कटाई होने लगी है। मौसम फिर कब करवट बदल ले। इसको लेकर किसान गेहूं की कटाई कर जल्दी बिक्री करने का मन बना रहे हैं। तेजी से शुरू हुई कटाई पर मंडी में गेहूं की आवक बढ़ने लगी है। इसके बाद भी केंद्रों पर खरीद शुरू नहीं हुई। मंडी के आरएफसी गेहूं खरीद केंद्रों को छोड़कर अन्य संस्थाओं के खरीद केंद्रों पर बैनर तो टांग दिए गए, लेकिन अब तक न तो केंद्रों पर कर्मचारी पहुंचना शुरू हुए है और न ही कांटा-बाट आदि पहुंचा है। केंद्रों पर गेहूं की खरीद शुरू न होने के विरोध में सोमवार को एकत्र हुए किसानों ने मंडी परिसर में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि अफसर गेहूं खरीद की सारी तैयारी पूरी होने, बारदाना की पुरानी गांठें खरीद केंद्रों पर भिजवाने का दावा कर रहे हैं। इसके बाद भी अधिकांश खरीद केंद्रों पर तो अभी कर्मचारी ही नहीं पहुंच रहे हैं।
प्रदर्शनकारी किसानों ने शीघ्र खरीद शुरू न होने पर मंगलवार को फिर प्रदर्शन कर डिप्टी आरएमओ को पुतला फूंकने की चेतावनी दी। प्रदर्शन करने वालों में अन्नदाता किसान यूनियन के प्रदेश सचिव बलजिंदर सिंह, जिलाध्यक्ष गुरविंदर सिंह, भाकियू (चढूनी) के जिला उपाध्यक्ष जोगा सिंह, तहसील अध्यक्ष जगविंदर सिंह, जगजीत सिंह, आकाश दीप, सुखचेन सिंह, प्रभजोत सिंह आदि शामिल रहे। संवाद
मानक का गेहूं होने पर की जाएगी खरीद : एएमओ
एएमओ प्रदीप कुमार ने बताया कि गेहूं में मानक से अधिक नमी होने के चलते खरीद शुरू नहीं हो सकी। मानक का गेहूं होने पर खरीद की जाएगी।
-