माधोटांडा। बिजली बिल अधिक आने पर रमनगरा के उपभोक्ताओं ने पावर कॉरपोरेशन के इंजीनियरों पर उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। उनका कहना था कि पावर कारपोरेशन कर्मचारियों ने घरों में मीटर देखे बिना ही अपनी मनमर्जी से रीडिंग चढ़ाकर बिल भेज दिए। इससे उन पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है।
माधोटांडा क्षेत्र के ग्राम पंचायत रमनगरा के लोगों ने रविवार सुबह एकजुट होकर बिजली बिलों में गड़बड़ी का आरोप लगाया। उनका कहना था कि कोरोना काल में वह वैसे ही परेशान हैं। ऊपर से विभाग द्वारा बिजली के बिल बढ़ाकर भेज दिए गए। पांच महीने से मीटर रीडर के चेक किए बिना ही दो से तीन गुना रीडिंग चढ़ाकर बिल भेजे गए। अफसरों से शिकायत की तो उन्होंने वही बिल जमा करने का दबाव बनाया। ग्रामीणों ने पावर कॉरपोरेशन की ओर से बनाए गए व्हाट्सएप ग्रुप पर भी वीडियो बनाकर वायरल किया। इसके बाद पावर कॉरपोरेशन इंजीनियरों ने कैंप लगाकर समाधान कराने का भरोसा दिलाया। उधर, पुरैना ताल्लुके महाराजपुर के ग्रामीणों ने डीएम को भेजे शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि बिजली कर्मचारी घरों में आकर सुविधा शुल्क मांगते हैं। मना करने पर बिजली चोरी में फंसाने की धमकी देते हैं।