पीलीभीत। जिला महिला अस्पताल के लेबर रूम के पीछे फेंके गए बायो मेडिकल वेस्ट का मामला उजागर हुआ तो स्वास्थ्य विभाग ने सफाई कराने के बजाय आग लगाकर नष्ट करा दिया। इसके बाद मामला और तूल पकड़ गया है। बायो मेडिकल वेस्ट को जलाने पर निकले धुएं से लेवल टू कोविड अस्पताल और महिला अस्पताल में भर्ती मरीजों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
कोरोना काल में जिला महिला अस्पताल की एमसीएच (मदर चाइल्ड हेल्थ) विंग के भवन में लेवल टू अस्पताल बनाया गया है। अस्पताल के पुराने भवन में गर्भवती महिलाओं के इलाज और डिलीवरी की व्यवस्था है। यहां डिलीवरी के लिए आने वाली प्रसूताओं की जांच के लिए लेबर रूम बनाया गया है। शनिवार सुबह किसी ने बायो मेडिकल वेस्ट लेबर रूम के पीछे फेंक दिया था। रविवार को मामला मीडिया में सुर्खियां बना तो गड़बड़ी छिपाने के लिए दोबारा लापरवाही बरती गई। रविवार दोपहर बाद चहलकदमी होने पर किसी ने बायो मेडिकल वेस्ट को साफ कराने के बजाय आग लगा दी। मामले की जानकारी मिलने पर सीएमएस महिला अस्पताल डॉ. अनीता चौरसिया मौके पर पहुंची और नाराजगी जताई। उन्होंने बताया कि मामले की शिकायत एडी हेल्थ और प्रशासनिक अधिकारियों से की गई है। बायो मेडिकल वेस्ट आग लगाने वाले का भी पता लगाया जा रहा है।