बीसलपुर तहसील में दबंगों के विरोध में प्रदर्शन करते ग्रामीण संवाद
बीसलपुर। गांव दौलतपुर हीरा के ग्रामीणों ने श्मशान घाट की भूमि पर अवैध कब्जा किए जाने के विरोध में बृहस्पतिवार को तहसील परिसर में नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
इस गांव के काफी लोग बृहस्पतिवार दोपहर तहसील परिसर में पहुंचे। इनमें महिलाएं भी शामिल रहीं। ग्रामीणों ने श्मशान घाट की भूमि पर कब्जा करने वाले लोगों पर कार्रवाई के लिए प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ दबंगों के कब्जे के कारण गांव के लोगों को शव की अंत्येष्टि करने में काफी दिक्कत होती है। विरोध करने पर आरोपी झगड़ा करने को तैयार हो जाते हैं। करीब आधा घंटा प्रदर्शन करने के बाद ग्रामीणों ने तहसीलदार हबीब उर रहमान को इस संबंध में ज्ञापन दिया। इसमें श्मशान भूमि को कब्जा मुक्त कराने की मांग की।
तहसीलदार ने बताया कि होली के बाद इस मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। प्रदर्शन करने वालों में मुकेश सक्सेना, राहुल कुमार, मनीष कुमार, मनोज कुमार, रीना देवी, वीरेश कुमार, कृपाल चंद्र ,योगेंद्र कुमार, मुकेश कुमार, सुबोध कुमार, भानु प्रताप ,परमानंद, हरिओम, ठकुरी प्रसाद, गीता देवी, सत्यवती आदि शामिल रहे। संवाद