- पर्चा, परामर्श और जांच के लिए लग रही लंबी लाइन
- काफी इंतजार के बाद मिल रहा आधा-अधूरा इलाज
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। तापमान बढ़ने के साथ ही मेडिकल कॉलेज आने वाले मरीजों की संख्या में भी इजाफा हो गया है। पर्चा बनवाने, डॉक्टरों से परामर्श, जांच और दवा काउंटर पर मरीजों की कतार लग रही है। इस कारण मरीजों को काफी परेशान होना पड़ रहा है।
जिले का तापमान दिन-प्रतिदिन बढ़ रहा है। इसके साथ ही मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में मरीजों का आंकड़ा भी बढ़ रहा है। बुधवार को मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में 1150 रोगियों के पर्चे बनवाए। पुराने पर्चे वाले मरीज भी अस्पताल पहुंचे। पर्चा बनवाने से लेकर डॉक्टर को दिखाने और जांच कराने तक मरीजों को धक्का-मुक्की करनी पड़ी।
बुधवार को टाइफाइड, उल्टी-दस्त, त्वचा और नेत्र संबंधी बीमारियों के मरीज अधिक पहुंचे। दोपहर के समय फिजिशियन कक्ष में मरीजों की भीड़ थी। वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. रमाकांत सागर ने बताया कि मौसम में बदलाव की वजह से मरीजों की संख्या बढ़ी है। मरीजों को एहतियात बरतने की जरूरत है।
-
बोले मरीज-लग जाते हैं कई घंटे
अमरिया के माधौपुर से आई मीरा देवी ने बताया कि सुबह नौ बजे अस्पताल आ गईं थीं। पहले तो पर्चा बनवाने के लिए लाइन में लगीं। डॉक्टर ने टाइफाइड की जांच लिखी। 12 बजे तक नंबर नहीं आया। जिरौनिया निवासी नत्थो देवी ने बताया कि वह मंगलवार से अस्पताल में भर्ती हैं। खून की जांच के लिए लिखा गया है, पर अब तक जांच का नंबर नहीं आया है। बाग गुलशेर खां निवासी आमिर बच्चे की टायफायड जांच कराने के लिए लाइन में लगे थे तो छतरी चौराहे के विशाल कुमार भी जांच के लिए अपना नंबर आने का इंतजार कर रहे थे। मरीजों का कहना था कि इस समय काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
मेडिकल कॉलेज में मरीजों की बढती संख्या को देखते हुए समुचित व्यवस्थाएं कर दी गईं हैं। मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिले इसको लेकर तैयारियां की गई हैं।
-डॉ. संजीव सक्सेना, सीएमएस