गांधी स्टेडियम में कड़ाके की ठंड में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य सचिव ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप जलाकर किया। डीएम ओएन सिंह ने विकास योजनाओं के आंकड़े प्रस्तुत किए। मुख्य अतिथि राज्यमंत्री हाजी रियाज अहमद ने कहा कि जिले में नदी और नहरों के जाल के साथ ही विशाल शारदा सागर जलाशय भी है जिससे यहां बिजली उत्पादन की संभावनाएं हैं। पर्यटन विकास के लिए अच्छी सड़कों की जरूरत है। मुख्य सचिव आलोक रंजन ने कहा कि यहां कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने और जिले की सड़कों को बेहतर बनाने के लिए बजट के समय विशेष पैकेज दिलाने का प्रयास किया जाएगा। बिजली और सिंचाई विभाग के अभियंताओं की टीम भेजकर बिजली उत्पादन की संभावना पर सर्वे कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पेंशन योजना के तहत 40 लाख परिवारों की महिला मुखिया को 500 रुपये प्रति माह पेंशन देकर लाभान्वित किया जा रहा है। श्रमिकों को साइकिल वितरण योजना लागू करने पर कमिश्नर और डीएम की तारीफ की। इस मौके पर महिला लाभार्थियों को स्टेज पर बुलाकर समाजवादी पेंशन योजना की पासबुक दी गईं। साइकिल पाने वाले श्रमिकों को झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इनकी रही उपस्थिति
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रुकैया आरिफ, बरखेड़ा विधायक हेमराज वर्मा, सहकारी बैंक अध्यक्ष लक्ष्मी देवी यादव, मंडलायुक्त विपिन कुमार द्विवेदी, आईजी विजय कुमार मीणा, डीआईजी आरकेएस राठौर, एसपी सोनिया सिंह, एडीएम आलोक कुमार सिंह, एएसपी सुधीर कुमार सिंह, सीडीओ इंद्रकांत द्विवेदी, डीडीओ एके सिंह चंद्रौल, सीएमओ एके सिंह, डीडी कृषि एके सिंह, एएमए जीके सिंह, सीवीओ डॉ. वीके मलिक, कई अधिकारी, कई ग्राम प्रधान, नगरपालिका व नगर पंचायतों के चेयरमैन सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
पुस्तिका का विमोचन
जिला प्रशासन ने जिले में कराए गए विकास कार्य एवं स्वच्छता के उपायों पर ‘स्वच्छ भारत मिशन एवं विकास कार्यों की दिग्दर्शिका’ नाम से पुस्तिका तैयार की है। मुख्य सचिव ने इस पुस्तिका का विमोचन किया। बाद में सभी प्रधानों एवं उपस्थित जनसामान्य को यह पुस्तिका दी गई।