शिवानी ने रोचना को 113 मतों के अंतर से हराया
पिपरिया दुलई में प्रधान के रिक्त पद पर उपचुनाव
ग्राम पंचायत पिपरिया दुलई में प्रधान श्यामादेवी के निधन से रिक्त हुई सीट पर हुए उपचुनाव में उनकी पुत्रवधू ने जीत हासिल की है। शिवानी ने 1662 मत प्राप्त कर अपनी प्रतिद्वंद्वी रोचना सिंह को 113 मतों के अंतरसे पराजित कर दिया। रोचना को 1549 वोट मिले जबकि 41 मत निरस्त हुए। एडीएम अजय कांत सैनी और निर्वाचन अधिकारी तिलक सिंह ने शिवानी सिंह को जीत का प्रमाण पत्र सौंपा।
दिसंबर-2015 में हुए पंचायत चुनाव में ग्राम पंचायत पिपरिया दुलई से श्यामा देवी प्रधान चुनी गई थीं। श्यामा देवी का बीमारी के चलते डेढ़ महीना पहले निधन हो जाने पर इस रिक्त पद पर 30 सितंबर को मतदान कराया गया था। मंगलवार को ब्लाक कार्यालय में मतगणना हुई। निर्वाचन अधिकारी तिलक सिंह ने बताया कि चुनाव में 4623 मतदाताओं में से 3252 ने मतदान किया था। मतगणना में शिवानी सिंह को 1662, रोचना सिंह को 1549 वोट मिले जबकि 41 वोट निरस्त हुए। शिवानी सिंह को 113 वोटों से विजयी घोषित किया गया। एडीएम अजय कांत सैनी और निर्वाचन अधिकारी ने संयुक्त रूप से शिवानी सिंह को जीत का प्रमाण पत्र सौंपा। इससे पहले एडएीम ने मतगणना स्थल का निरीक्षण किया। उधर, शिवानी सिंह की जीत पर उनके पक्ष के लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की शुभकामनाएं दीं।
विरोधियों की एकजुटता भी मतदाताओं ने नकारी
पिपरिया दुलई में प्रधानी अधिकांशत: एक ही परिवार में रही है। श्यामा देवी एक बार पहले भी प्रधान रह चुकी थीं। उसके बाद उनके पति सुरजीत सिंह मुन्ना प्रधान बने। आरक्षित सीट होने पर परिवार से प्रधानी चली गई थी लेकिन फिर सामान्य सीट होने पर पिछले चुनाव में श्यामादेवी प्रधान चुनी र्गइं। उनके निधन के बाद हुए उपचुनाव में परिवार से सीट लेने के लिए विरोधी खेमा एकजुट हो गया और संयुक्त प्रत्याशी मैदान में उतारा लेकिन मतदाताओं ने विरोधी खेमे को नकार दिया।