पीलीभीत। यूपी बोर्ड वर्ष 2025 की हाईस्कूल की इंप्रूवमेंट और कंपार्टमेंट व इंटरमीडिएट की कंपार्टमेंट परीक्षा की तैयारियां तेज हो गई हैं। 26 जुलाई को शहर के ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज में दो पाली में परीक्षा संपन्न होगी। परीक्षा को पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के लिए मजिस्ट्रेट की तैनाती के साथ ही अन्य प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। 600 से अधिक परीक्षार्थी कंपार्टमेंट परीक्षा देंगे।
पहले ये परीक्षा 19 जुलाई को होनी थी, लेकिन माध्यमिक शिक्षा परिषद की तरफ से तिथि में संशोधन कर परीक्षा को 26 जुलाई को संपन्न कराने के आदेश जारी किए गए थे। डीआईओएस राजीव कुमार ने बताया कि 26 जुलाई को ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज में हाईस्कूल इंप्रूवमेंट व कंपार्टमेंट परीक्षा सुबह 08:30 से 11:45 बजे तक और इंटरमीडिएट कंपार्टमेंट की परीक्षा दूसरी पाली में दो से शाम 5:15 बजे तक होगी।
हाईस्कूल में कंपार्टमेंट व इंप्रूवमेंट के लिए 301 विद्यार्थियों ने आवेदन किए हैं। वहीं इंटरमीडिएट कंपार्टमेंट परीक्षा के लिए कुल 362 आवेदन किए गए। परीक्षा को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। डीआईओएस ने बताया कि बोर्ड से मिले निर्देश के क्रम में परीक्षा केंद्र पर परीक्षार्थी, केंद्र व्यवस्थापक, अध्यापकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के अतिरिक्त बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश पूर्णतया वर्जित रहेगा। केंद्र व्यवस्थापक की जिम्मेदारी होगी कि परीक्षा केंद्र के प्रवेश द्वार पर परीक्षार्थियों की अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने पाए।
सीसीटीवी कैमरों से स्ट्रांग रूम की 24 घंटे निगरानी होगी। प्रधानाचार्य परिषद की वेबसाइट www.upmsp.edu.in से पंजीकृत परीक्षार्थी के प्रवेशपत्र डाउनलोड कर सकेंगे। प्रति हस्ताक्षरित करते हुए प्रवेश पत्र परीक्षार्थियों को उपलब्ध कराए जाएंगे।