पीलीभीत। जिला अस्पताल में आई फ्लू से ग्रसित मरीजों की संख्या बढ़ी है। चिकित्सक उपचार व घरेलू उपाय से एक सप्ताह में ठीक होने की बात कह रहे हैं।
जिला अस्पताल के नेत्र विभाग में इन दिनों रोजाना 150 मरीजों की ओपीडी हो रही है। इसमें सर्वाधिक मरीज आई फ्लू के देखे जा रहे हैं। इसमें आंखों का लाल होना, पानी गिरना, सूजन, जलन और खुजली जैसी समस्याएं हो रही हैं। चिकित्सक मरीजों की जांच कर रहे हैं। अस्पताल की नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. प्राची ने बताया कि आई फ्लू एक संक्रमण बीमारी है, जो एक दूसरे के संपर्क में आने से बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि आंखों के लिए सामाजिक दूरी रखने, आंखों को बार-बार छूने से बचने, रुमाल या तौलिया साझा न करने की आवश्यकता है। साथ ही रोजाना ठंडे पानी से आंखें धोने के साथ बाहर निकलने पर चश्मे का प्रयोग जरूर करें, साथ ही आई फ्लू की समस्या पर चिकित्सीय परामर्श जरूर लें।
जरूरी आई ड्रॉप के लिए मरीज परेशान
जिला अस्पताल के चिकित्सक मरीजों को जिस आई ड्रॉप की सलाह दे रहे हैं। उसकी उपलब्धता अस्पताल के दवा काउंटर पर नहीं है। मॉक्सीफ्लॉक्स, सिपलॉक्स, जैनटामाइसिन, आरटीफिशियल टीयरस जैसे आई ड्रॉप के लिए मरीजों को भटकना पड़ रहा है। मजबूरन मरीज प्राइवेट मेडिकल से यह आई ड्रॉप खरीद रहे हैं।