बिलगवां गांव के निकट पहुंचा मगरमच्छ।
पीलीभीत। शहर से सटे बिलगवां मार्ग पर बृहस्पतिवार सुबह आबादी के निकट एक विशाल मगरमच्छ दिखाई देने से क्षेत्र में हलचल रही। सूचना मिलते ही सामाजिक वानिकी प्रभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन मगरमच्छ पानी में उतर जाने के कारण उसका रेस्क्यू नहीं हो सका। वन विभाग ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
टनकपुर रेलखंड की क्रॉसिंग के पास सुबह लोगों ने खाई के किनारे एक विशाल मगरमच्छ देखा। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। खाई में पानी भरा होने के कारण मगरमच्छ वहीं शरण लिए रहा। सूचना पर वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और रेस्क्यू की तैयारी शुरू की, लेकिन टीम के पहुंचने से पहले ही मगरमच्छ पानी में उतर गया।
डिप्टी रेंजर शेर सिंह ने बताया कि मगरमच्छ के पानी में चले जाने के कारण उसका रेस्क्यू नहीं हो सका। विभाग की टीम पूरी तरह अलर्ट है। मगरमच्छ के दोबारा बाहर आने पर स्थिति के अनुसार रेस्क्यू अभियान चलाया जाएगा। संवाद