ओवरलोडिंग, लो
वोल्टेज, जर्जर तार और बिजली पोल पर लाइनों का मकड़जाल। आए दिन फुंकते
ट्रांसफार्मर। यहां बिजली व्यवस्था की कुछ ऐसी ही दशा है। खासबात यह है कि
हर बार गर्मी में यह समस्या विकराल रूप धारण करती है। गर्मी में बेपटरी हुई
व्यवस्था को ठीक किए जाने के लिए पिछले साल भी अधिकारियों ने आश्वासन दिया
था, लेकिन यह कोरा ही साबित हुआ। बिजनेस प्लान के तहत कई योजनाओं पर पानी
की तरह पैसा भी बहाया गया, लेकिन इसका लाभ अभी तक जनता को नहीं मिल सका है।
इस बार फिर गर्मी बढ़ने के साथ ही बिजली समस्या बढ़ने लगी है। इस बार भी
अधिकारी जल्द व्यवस्था पटरी पर लाने की बात कह रहे हैं।
शहर में लगे
बिजली के खंभों पर तारों का मकड़जाल फैला हुआ है। जिससे आए दिन स्पार्किंग
होती रहती है। नखासा, नईबस्ती, छोटी मार्केट, मोहल्ला डालचंद, मुख्य बाजार
सहित कई स्थानों पर लगे ट्रांसफार्मर ओवरलोड से कराह रहे हैं। ओवरलोडिंग
होने के कारण आए दिन ट्रांसफार्मर फुंकते रहते हैं। मौसम का पारा लगातार
बढ़ रहा है, जिससे बिजली की मांग भी बढ़ गई है। शहर में करीब 125
ट्रांसफार्मर लगे हैं।
ओवरलोड व आए दिन जर्जर लाइनों में फाल्ट होते रहते
हैं। बिजली विभाग न तो जर्जर तारों के स्थानों पर नए तार बिछा पा रहा है
और न ही ट्रांसफार्मरों की क्षमता में इजाफा किया है। यह दीगर बात है कि
विभाग शहर में बिछाई जा रही एरियल बंच कंडक्टर (एबीसी) लाइन पर करीब 75
ट्रांसफार्मर अभी तक लगवा चुका है, लेकिन इनमें से अभी दो दर्जन से अधिक
ट्रांसफार्मर चालू नहीं किए जा सके हैं।
भीषण गर्मी में एक तो रोस्टिंग से
जबरदस्त कटौती हो रही है, वहीं आए दिन होने वाली फाल्ट भी सिरदर्द बनी है।
मोहल्ला निरंजनकुंज कॉलोनी, फीलखाना, नौगवां, अशोक कॉलोनी सहित कई मोहल्लों
में लो-वोल्टेज की समस्या है।
कई ट्रांसफार्मरों की बढ़ाई गई क्षमता
बिजनेस
प्लान के तहत पावर हाउसों व ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई जा रही है। कई
मोहल्लों में पुरानी लाइनों के स्थान पर एबीसी लाइन डालने का काम चल रहा
है। छोटी मार्केट में 400 केवीए का एक और व आईटीआई के पास सौ के स्थान पर
ढाई सौ केवीए का ट्रांसफार्मर लगाया जा चुका है। प्रयास है कि जल्द
व्यवस्था पटरी पर आ जाए।
पंकज अग्रवाल, अधिशाषी अभियंता
बिजली ने किया अभी से बेहाल
गर्मी शुरू होते ही बिजली ने रंग दिखाना शुरू कर दिया है। मंगलवार को अघोषित कटौती और लो वोल्टेज से दिक्कत होने लगी है।
अफसार कुरैशी, मोहल्ला गोपाल सिंह
000
जर्जर लाइनों से आए दिन ट्रिपिंग होती है। बिजली का कटौती की समस्या दिन पर दिन बढ़ती जा रही है। जिससे काफी दिक्कत हो रही है।
रचित अग्रवाल, मोहल्ला मधुवन कॉलोनी
000
मंगलवार
को सुबह गुल हुई बिजली दोपहर पांच घंटे बाद आई। इससे खासी असुविधा हुई।
बढ़ती गर्मी में विकराल होती जा रही इस बिजली समस्या के प्रति महकमा अनजान
बना हुआ है।
जितेंद्र कुमार, मोहल्ला तुलाराम
000
शहर में लगे ट्रांसफार्मर क्षमता से अधिक लोड होने से आए दिन फुंक जाते हैं। जिससे कई दिनों तक बिजली सप्लाई ठप रहती है।
रमेश राठौर, नई बस्ती
करंट की चपेट में आकर गाय की मौत
पीलीभीत।
मोहल्ला सुरभि कॉलोनी निवासी श्रीपाल की गाय चरते हुए मोहल्ले में जमीन पर
रखे ट्रांसफार्मर के पास पहुंच गई। जिससे करंट की चपेट में आकर उसकी मौत
हो गई। घटना के बाद से मोहल्ले वालों में रोष है। श्रीपाल ने बताया कि इस
ट्रांसफार्मर की चपेट में आकर दो साल के भीतर तीसरे पशु की मौत हुई है।
विभाग ने साल भर पहले ट्रांसफार्मर रखने के लिए चबूतरा बनवाया, लेकिन उस पर
ट्रांसफार्मर को आज तक नहीं रखा गया। बनवाया गया चबूतरा भी देखरेख के अभाव
में टूट गया।