पूरनपुर। बिजली कनेक्शन काटने गई टीम को बंधक बनाकर अभद्रता की गई। बंधक बनाने के आरोपी लोग टीम के सदस्यों पर बगैर पूछे घर के कमरों में घुसने का आरोप लगा रहे थे। टीम के बंधक बनाने की सूचना पर जेई पुलिस टीम को लेकर मौके पर पहुंचे। बमुश्किल बंधक बनाए गए लोगों को रिहा कराया जा सका।
घुंघचाई विद्युत उपकेंद्र के लाइनमैन लच्छू सिंह के नेतृत्व में टीम गांव अमृतपुर में बकाया वसूली, चेकिंग को निकली थी। एक फार्म हाउस में बकाया पर कनेक्शन काटने को घुसे, उस समय फार्म हाउस में पुरुष नहीं थे। कर्मचारियों को बगैर आवास दिए आदि का आरोप लगाते हुए बंधक बना लिया गया। कुछ देर में फार्म हाउस के पुरुष सदस्य भी पहुंच गए। बिजली कर्मियों से बगैर पूछे घर और घर की छत पर चढने का आरोप लगाते हुए अभद्रता की गई। टीम ने इसकी जानकारी जेई मनोज कुमार को दी। टीम के बंधक बनाने की जानकारी पर जेई मौके पर पुलिस को साथ लेकर पहुंचे। पुलिस टीम के सामने फार्म स्वामी और बिजली कर्मचारियों में जमकर नोकझोंक हुई। फार्म स्वामी ने पुरुषों की गैरमौजदूगी में गलत ढंग से फार्म में घुसने का आरोप लगाया। पुलिस ने समझाकर विवाद शांत कराया। तब बंधक बनाए गए कर्मचारियों को छोड़ा गया। जेई मनोज कुमार ने बताया कि फार्मर ने बेमतलब का विवाद कर दिया। बकाया पर उसका कनेक्शन कटवा दिया गया। समझौता के चलते तहरीर नहीं दी गई है।