पूरनपुर क्षेत्र के गांव सुल्तानपुर में हुए कार्यक्रम में मौजूद महिलाएं स्रोत : विभाग
पूरनपुर। डीएम ज्ञानेंद्र सिंह ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म शताब्दी पर ब्लॉक क्षेत्र की 100 ग्राम पंचायतों के पंचायत भवनों में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के ग्राम संगठन और सीएलएफ (संकुल स्तरीय संंघ) के कार्यालयों का शुभारंभ कराया। ग्राम पंचायत सुल्तानपुर मेंं राधे-राधे ग्राम संगठन के कार्यालय का उद्घाटन किया और 99 ग्राम पंचायतों को डिजिटल माध्यम से जोड़ा गया। डीएम ने गांव मुरादपुर माती के कंपोजिट स्कूल का निरीक्षण भी किया।
ग्राम पंचायत सुल्तानपुर के सचिवालय परिसर में हुए कार्यक्रम में डीएम ने कन्या सुमंगला, बाल सेवा योजना, प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री आवास, फैमिली आईडी, कृषक दुर्घटना बीमा योजना सहित अन्य योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं का लाभ पात्रों को दिया जाना है। कुक्कुट पालन, बकरी पालन, मत्स्य पालन, डेयरी आदि को योजनाओं का लाभ लेकर लोग अपनी आय में वृद्धि करें। गरीब बेटियों की शादी के लिए मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आवेदन कर सकते हैं। महिलाएं घर में ही जलकुंभी उत्पाद बनाएं। सिलाई, ब्यूटी पार्लर, फास्ट फूड आदि कार्य कर आय में बढ़ोतरी करें। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण के चार लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र और दो बच्चों को जन्म प्रमाणपत्र दिए।
शिविर में छह लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए। डीएम ने गांव मुरादपुर माती के कंपोजिट स्कूल का निरीक्षण कर प्रकाश व्यवस्था, फर्नीचर की उपलब्धता, पेयजल व्यवस्था, शौचालय, हैंडवॉश आदि की जानकारी ली। इस दौरान सीडीओ राजेंद्र कुमार श्रीवास, एसडीएम अजीत प्रताप सिंह, डीसी मनरेगा/बीडीओ हेमंत कुमार आदि मौजूद रहे।