अमरिया। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल यादव ने कहा कि भाजपा की नीतियों व झूठ से जनता ऊब चुकी है। जनता परिवर्तन चाहती है। सरकार में आए तो पूरे प्रदेश के लोगों को तीन सौ यूनिट बिजली फ्री व गन्ने के दामों बढ़ोतरी की जाएगी। साथ ही पीलीभीत की बंद पड़ी चीनी मिलों को चालू किया जाएगा। वह कस्बा अमरिया में एक पैलेस में परिवर्तन कार्यक्रम के तहत जनसभा को संबोधित कर रहे थे। शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने 2017 के चुनाव में जो वादे जनता से किए थे। उसमें से एक भी पूरा नहीं हुआ। नोट बंदी से देश की अर्थव्यवस्था पर भारी असर पड़ा है। हर वर्ष दो करोड़ लोगों को नौकरी देने का वादा भी झूठा साबित हुआ है। नौकरी मिलना तो दूर की बात है। कोरोना के समय में तमाम लोगों की नौकरी छूट गई। प्रदेश में बेरोजगारी चरम सीमा पर है। भाजपा ने सरकार बनने के बाद सौ दिनों में भ्रष्टाचार खत्म करने का वायदा भी किया था। लेकिन महंगाई और भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिला है। आज थाने व तहसीलों में बिना पैसे दिए कोई काम नहीं होता है। किसानों की आय दोगुनी करने का वादा भी झूठा साबित हुआ। किसानों के लिए बनाए गए एमएसपी कानूनों के विरोध में पिछले सात माह से किसान सड़कों पर हैं। लेकिन सरकार के पास किसानों की बात सुनने के लिए समय नहीं है। भाजपा सरकार केवल दो पूंजीपतियों के लिए काम कर रही है। कुछ और भी छोटे-छोटे पूंजीपति साथ में लाभ उठा रहे हैं। कहा पीलीभीत में चार चीनी मिलें हैं। इनमें से एक मिल ने किसानों के गन्ने के पैसे का भुगतान कर दिया है। लेकिन अभी तीन चीनी मिलों पर किसानों का 254 करोड़ रुपया बाकी है। भाजपा सरकार में अधिकारी मनमानी कर रहे हैं। विधायकों तक की बात नहीं मान रहे हैं। कार्यक्रम के आयोजक शोयब खान, सुरेंद्र सिंह, अनिल शर्मा, नासिर कमाल, अरविंद कुमार, फरहत खां, वीरपाल सिंह यादव, शहनाज हुसैन, मलखान सिंह, रक्षपाल सिंह, लियाकत हुसैन, त्रिसेम सिंह आदि लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष त्रिसेम सिंह ने अपने साथियों के साथ पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव को सरोपा व कृपाण भेंट कर उनका स्वागत किया।
अगर सम्मान के साथ बुलाया गया तो सपा से मिलकर लड़ेंगे चुनाव
कार्यक्रम के बाद प्रेसवार्ता में समाजवादी पार्टी के साथ मिलकर चुनाव लड़ने के बारे में पूछे जाने पर शिवपाल यादव ने कहा कि अगर सम्मान के साथ हमें बुलाया जाएगा तो मिलकर ही चुनाव लड़ेंगे। कहा कि भाजपा को दो बच्चों का कानून से पहले सभी को शिक्षित करना चाहिए। भाजपा ने अब तक जितने भी कानून बनाए हैं सभी देश विरोधी हैं। कहा जीतने वाली विधानसभा में प्रत्याशी उतारा जाएगा। भाजपा में शामिल होने के सवाल पर कहा कि कई बार ऑफर आ चुका है।