पूरनपुर। पानी के निकास की समस्या पर शेरपुर मकरंदपुर के कुछ लोगों ने चंदा कर पाइप लाइन डलवानी शुरू की। गांव के कुछ लोगों ने इसका विरोध किया और पाइप डालने का काम रुकवा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने विरोध कर रहे लोगों को समझाकर पाइप डालने का काम फिर से शुरू करा दिया।
गांव शेरपुर मकरंदपुर में पानी के निकास की समस्या का निराकरण नहीं हो पा रहा है। निकास न होने पर पहले सड़क पर जलभराव होता था। शिकायत पर कुछ दिन पहले सड़क की साफ-सफाई कराई गई थी। इससे नाला पानी निकास शुरू हो गया था। कुछ लोगों ने नाले को फिर बंद कर दिया। इससे फिर पानी निकास की समस्या हो गई।
शनिवार को संपूर्ण समाधान थाना दिवस में महिलाओं और कुछ पुरुषों ने पहुंंचकर पानी निकास की समस्या की जानकारी एसडीएम, सीओ को दी थी। अफसरों ने निजी खर्चे पर पानी का निकास कराने के लिए कह दिया। इसमेंं सहयोग करने का आश्वासन दिया। समस्या को लेकर गांव के कुछ लोगों ने करीब एक लाख रुपये चंदा कर पाइप लाइन डलवानी शुरू की। मंगलवार को इसका कुछ लोगों ने विरोध कर काम रुकवा दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने विरोध कर रहे लोगों को समझाकर पाइप डलवाने का काम शुरू करा दिया। इंस्पेक्टर क्राइम उमेश कुमार ने बताया कि विरोध की जानकारी पर दरोगा को मौके पर भेजा गया था। विरोध कर रहे लोगों को दरोगा ने समझाकर पाइप लाइन डालने का काम शुरू करा दिया है।