पीलीभीत। न्यूरिया थाना परिसर में एक दरोगा के सेवानिवृत्त होने पर शनिवार रात पार्टी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम मे लगे डीजे पर पुलिस कर्मियों ने जमकर डांस किया। कई पुलिस कर्मी वर्दी पहनकर डांस कर रहे थे। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो खलबली मच गई। आरोप है कि डांस करने वालों में कई पुलिस कर्मी नशे में थे। वीडियो वायरल होने के बाद अफसर आवासीय परिसर में आयोजन होने की बात कहकर बचाव कर रहे हैं।
न्यूरिया थाने में तैनात रहे दरोगा धर्मपाल बृहस्पतिवार को सेवानिवृत्त हुए थे। उनकी विदाई को लेकर शनिवार रात एक पार्टी रखी गई थी। इसका आयोजन थाना परिसर में किया गया था। इस पार्टी में पुलिस कर्मियों के अलावा कुछ बाहरी लोग भी शामिल हुए थे। कार्यक्रम में डीजे लगाकर फिल्मी गानों पर जमकर डांस किया गया। विदाई समारोह में देर रात तक पुलिस कर्मी धमाल मचाते रहे। दूसरे दिन रविवार को विदाई समारोह में पुलिस कर्मियों के डीजे पर वर्दी में डांस करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। मामला अफसरों तक पहुंचा तो पुलिस विभाग में खलबली मच गई। इसके बाद अफसरों ने गोपनीय रूप से मामले की जांच शुरू करा दी है। फिलहाल अफसर आवासीय परिसर में आयोजन होने की बात कह रहे हैं। वीडियो में पुलिस कर्मी डांस करते नजर आ रहे हैं, लेकिन उनके शराब के नशे में होने का कोई प्रमाण नहीं मिल सका।
वायरल वीडियो संज्ञान में आया था। इस पर जानकारी कराई गई थी। पार्टी का आयोजन थाने के पीछे की तरफ आवासीय परिसर में किया गया था। शराब को लेकर अभी कोई साक्ष्य नहीं मिला है। इसे गंभीरता से दिखवाया जा रहा है। कोई गड़बड़ी मिलती है, तो संबंधित पर कार्रवाई की जाएगी।
- डॉ. पवित्र मोहन त्रिपाठी, एएसपी