पीलीभीत में लोकसभा चुनाव को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से सारी तैयारियों को पूरा कर लिया गया है। मतदान केंद्र के अलावा चप्पे-चप्पे पर पुलिस प्रशासन की पैनी नजर है। किसी भी तरह की दिक्कत होने पर मतदाता पुलिस कर्मियों की मदद ले सकते हैं। माहौल खराब करने वालों से पुलिस सख्ती से निपटने के लिए तैयार है।
जिले में 261 अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर पुलिस अफसरों की खास नजर है। पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। लोकसभा चुनाव में 29 कंपनी पैरामिलिट्री फोर्स के अलावा चार कंपनी पीएसी समेत आठ हजार पुलिसकर्मियों की डयूटी लगाई गई है। यह सभी फोर्स गैर जनपदों की है।
दो हजार पुलिसकर्मियों की लगाई गई ड्यूटी
इसके अलावा जिले में लगभग 2000 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी भी लगाई गई है। जिले को 14 जोन और 102 सेक्टरों में बांटकर मजिस्ट्रेट और पुलिस अफसर तैनात किए गए हैं। जो अपने-अपने क्षेत्र में पड़ने वाले मतदान केंद्रों का लगातार भ्रमण करते रहेंगे।
इसके अलावा 60 कलस्टर मोबाइल भी बनाए गए हैं। जो सूचना मिलने पर तत्काल मौके पर पहुंचेंगे। मतदान सकुशल संपन्न कराने के लिए जिले में लगभग 800 खुराफातियों को रेड कार्ड भी जारी किए गए हैं। जिन पर नजर रखी जाएगी।