पीलीभीत। सुनगढ़ी थाना क्षेत्र में असम चौराहे के पास फ्लाईओवर पर महिला के कानों से कुंडल झपटकर भागे बाइक सवार दो बदमाशों को पीड़ित और पुलिस ने चार किलोमीटर तक दाैड़ाकर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान महिला के छीने गए दोनों कुंडल भी बरामद कर लिए गए।
थाना गजरौला क्षेत्र के ग्राम बंजरिया जमुनिया निवासी बबलू वर्मा शुक्रवार शाम अपनी पत्नी सरिता देवी के साथ जहानाबाद क्षेत्र स्थित अपनी ससुराल से वापस गांव लौट रहे थे। शाम करीब 5:45 बजे जब वे असम चौराहे स्थित फ्लाईओवर पर पहुंचे, तभी बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उनकी पत्नी के कानों से कुंडल झपट लिए और भाग गए। घटना के बाद पीड़ित ने शोर मचाया और आरोपियों का पीछा किया। इसी दौरान पूरनपुर पुलिस चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने आवाज सुनकर तत्काल सक्रियता बढ़ाई। पुलिसकर्मी भी पीछे लग गई।
पुलिस और पीड़ित के संयुक्त प्रयास से अलीगंज बाईपास चौराहे के पास दोनों आरोपियों को पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से महिला के छीने गए दोनों कुंडल बरामद कर लिए गए।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान जगन्नाथ गंगवार निवासी ग्राम बेला डांडी थाना बरखेड़ा व ओमप्रकाश गंगवार निवासी ग्राम बड़हरा थाना दियोरिया कला के रूप में हुई। इंस्पेक्टर नरेश त्यागी ने बताया कि इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा। संवाद