फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pilibhit News: इनामी सर्वजीत की प्रतिबंधित पिस्टल के नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस

विज्ञापन
विज्ञापन
व्यापारी पप्पू गुप्ता हत्याकांड के मुख्य आरोपी के पास बरामद हुआ था हथियार
विज्ञापन

पीलीभीत। बिलसंडा कस्बे के व्यापारी पप्पू गुप्ता हत्याकांड में पुलिस मुठभेड़ में मारे गए एक लाख रुपये के इनामी बदमाश सर्वजीत के पास से बरामद प्रतिबंधित 32 बोर सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल अब पुलिस जांच का प्रमुख केंद्र बन गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह हथियार आरोपी तक कैसे पहुंचा और इसके पीछे कहीं कोई अंतरराज्यीय अवैध हथियार तस्करी गिरोह का नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है। पिस्टल को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजने के साथ ही उसके विवरण राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) और राज्य अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एससीसीआरबी) को भी भेजे जाएंगे।
28 मई को थाना बिलसंडा क्षेत्र के कस्बा निवासी व्यापारी पप्पू गुप्ता की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस घटना के बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की और अब तक इस मामले में आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर जेल भेज चुकी है। हालांकि हत्याकांड का मुख्य आरोपी लखीमपुर खीरी जिले के उचौलिया निवासी सर्वजीत फरार चल रहा था।
विज्ञापन

गिरफ्तारी न होने पर एडीजी जोन बरेली ने उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। उसकी तलाश में बिलसंडा पुलिस के अलावा एसओजी और एसटीएफ की टीमें लगातार दबिश दे रही थीं। 28 जून की रात पुलिस को सूचना मिली कि दो संदिग्ध बदमाश बाइक से बिलसंडा क्षेत्र के शीतलपुर जंगल की ओर जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही एक बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला, जबकि दूसरे बदमाश ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
बदमाश की गोली लगने से एसओजी में तैनात उपनिरीक्षक उमेश त्यागी और हेड कांस्टेबल हरेंद्र घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने जवाबी फायरिंग की। इसमें सर्वजीत गोली लगने से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने सर्वजीत के कब्जे से 32 बोर की सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल, मैगजीन, एक कारतूस, पांच खोखा, एक तमंचा, बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और एक बैग बरामद किया। बरामद पिस्टल सार्वजनिक रूप से प्रतिबंधित श्रेणी की होने के कारण अब पुलिस इसकी गहन जांच करा रही है। संवाद
विज्ञापन


पुलिस जुटा रही जानकारी
थानाध्यक्ष बिलसंडा जगदीप सिंह मलिक की ओर से पुलिस मुठभेड़ की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि प्रतिबंधित सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल सर्वजीत तक किस माध्यम से पहुंची। इसके लिए हथियार को फॉरेंसिक साइंस लैब भेजा जाएगा। साथ ही पिस्टल का विवरण राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) और राज्य अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एससीसीआरबी) को भेजकर उसके पंजीकरण, उपयोग और संभावित आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जाएगी। एसपी सुकीर्ति माधव ने बताया कि मुठभेड़ में बरामद प्रतिबंधित पिस्टल की हर पहलू से जांच कराई जा रही है। फॉरेंसिक रिपोर्ट और एनसीआरबी-एससीआरबी से जानकारी मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें