कलीनगर(पीलीभीत)। दहेज में कार और एक लाख रुपये की मांग को लेकर पति समेत ससुराल के लोगों पर विवाहिता को मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का आरोप लगाया गया है। मांग पूरी न होने पर 18 जून को एक राय होकर ससुराल के लोगों ने विवाहिता को मारपीट कर जबरन जहरीला पदार्थ पिला दिया। गंभीर हालत में उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। एसपी के आदेश पर पुलिस ने पांच नामजद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
दियोरिया थाना क्षेत्र के गांव पकड़िया निवासी राजकुमारी ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 20 मई को कलीनगर निवासी अर्जुन सरोज के साथ हुई थी। शादी में हैसियत के अनुसार परिजन ने दान दहेज दिया, लेकिन दहेज से ससुराल के लोग संतुष्ट नहीं हो सके। आरोप है कि दहेज में कार और एक लाख रुपये की मांग ससुराली करने लगे। मांग पूरी न होने पर विवाहिता को आए दिन मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना देने लगे।
आरोप है कि 18 जून को दहेज की मांग को लेकर ससुराल के लोगों ने विवाहिता के साथ मारपीट की और जबरदस्ती मुंह पकड़कर जहरीला पदार्थ पिला दिया। इससे विवाहिता की हालत बिगड़ गई। कस्बे के लोगों की मदद से उसे शहर के निजी अस्पताल भर्ती कराया गया। परिजनों के पहुंचने पर पुलिस को सूचना दी गई। कोतवाली पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर विवाहिता के बयान दर्ज कराएं थे।
इंस्पेक्टर सुरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि एसपी के आदेश पर पति अर्जुन सरोज, बाबूराम, नत्थू देवी, राखी और करन के खिलाफ दहेज उत्पीड़न समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है।