बीसलपुर। जवाहर नवोदय विद्यालय में बुधवार से क्षेत्रीय स्तरीय 32वीं दो दिवसीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। पहले दिन खिलाड़ियों ने अपना दमखम दिखाया। प्रतियोगिता में विभिन्न जवाहर नवोदय विद्यालयों के 83 छात्र प्रतिभाग कर रहे हैं।
वॉलीबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य महेंद्र सिंह यादव ने ध्वज फहराकर किया। जवाहर नवोदय विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. बीके सिंह ने खिलाडियों से परिचय प्राप्त किया।
अंडर 14, 17 और अंडर 19 वर्ष तीन ग्रुप में होने वाली इस प्रतियोगिता के चयनितों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में प्रतिभाग का अवसर मिलेगा। निर्णायक मंडल विजेता खिलाड़ियों के खेल का मूल्यांकन कर रहा है। पहले दिन के आयोजन को सफल बनाने में विजय कुमार सचान, हरीश देशवाल, देवेंद्र गंगवार, रेनू भाटिया और गोपाल यादव का योगदान रहा। प्रधानाचार्य ने बताया कि प्रतियोगिता का समापन बृहस्पतिवार की शाम पांच बजे होगा।
इन जिलों के नवोदय विद्यालय के छात्र कर रहे प्रतिभाग
प्रतियोगिता में पीलीभीत, बरेली, शाहजहांपुर, बरेली, लखीमपुर सीतापुर, लखनऊ, आगरा, वाराणसी आदि जिलों के जवाहर नवोदय विद्यालय के छात्र प्रतिभाग कर रहे हैं। इसके अलावा उत्तराखंड के हरिद्वार, नैनीताल, उधमसिंह नगर आदि जिलों के नवोदय विद्यालयों से भी छात्र प्रतिभाग करने पहुंचे हैं।