राणाप्रताप नगर में कटान और बचाव कार्य का राज्यमंत्री ने किया निरीक्षण
गांव से 100 मीटर दूर रह गई शारदा
दुखड़ा सुनाने जुटे कई गांव के लोग
राज्यमंत्री ने बचाव कार्य तेज करने के दिए निर्देश
ट्रांस शारदा क्षेत्र के ग्राम राणाप्रताप नगर में शारदा द्वारा किया जा रहा भू-कटान सोमवार को भी जारी रहा। बचाव कार्य तेज किए जाने के बावजूद नदी कटान करते हुए करीब 50 मीटर गांव की ओर बढ़ गई। इससे गांव और नदी के बीच की दूरी घट कर करीब 100 मीटर रह गई है। सिंचाई राज्यमंत्री स्वाती सिंह ने सुबह गांव पहुंच कटान स्थल को देखा तथा बचाव कार्य का जायजा लेने के बाद ग्रामीणों से पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर मौके पर ही कटान रोकने के लिए हर संभव प्रयास किए जाने के निर्देश प्रशासनिक व बाढ़ खंड के अधिकारियों को दिए। स्वाती सिंह ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि बरसात बाद ट्रांस क्षेत्र के ग्राम सिद्धनगर, राणाप्रताप नगर और नहरोसा में कटान रोकने को स्थाई समाधान के लिए योजना तैयार की जाएगी।
बाढ़ राज्यमंत्री सुबह करीब 10 बजे संपूर्णानगर चीनी मिल अतिथि ग्रह पहुंची तथा वहां कुछ देर प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता करने के बाद सीधे राणाप्रताप नगर गांव पहुंच गईं। उनके कार से उतरने से पहले ही सैकड़ों पीड़ित परिवार की महिलाएं और पुरुष उन्हें अपना दुखड़ा सुनाने के लिए कार के चारों ओर खड़े हो गए। पीड़ित परिवार एक साथ अपनी ब्यथा सुनाने लगे। जिससे वहां काफी शोर-शराबा होने लगा। इसके बाद राज्यमंत्री कार से उतर पैदल करीब एक किमी कीचड़युक्त रास्ते से होते हुए कटान स्थल पहुंचीं। वहां ग्रामीणों ने उन्हें शारदा कटान में समाते ग्रामीणों की धान और गन्ने की फसलें दिखाईं। राज्यमंत्री ने कटान रोकने के लिए वहां किए जा रहे बचाव कार्य का भी जायजा लिया। बाद में वह राणाप्रताप नगर की प्रधान नीरू सिंह के घर पहुंची जहां प्रधान पति अधिवक्ता गिरीश कुमार सिंह ने उन्हें क्षेत्र के हालात के बारे में बताते हुए उसके स्थाई समाधान की मांग की। नहरोसा प्रधान समीउद्दीन समी, सिद्धनगर की प्रधान नीरज मिश्रा ने भी क्षेत्र में हो रहे कटान और उससे किसानों के हो रहे नुकसान की ओर राज्यमंत्री का ध्यान दिलाते हुए समाधान की मांग की। इस पर राज्यमंत्री ने मौके पर मौजूद बाढ़ खंड के अधिशाषी अभियंता शैलेष कुमार और एसडीएम पूरनपुर को कटान रोकने के लिए युद्ध स्तर पर हर संभव प्रयास कराने के निर्देश दिए। राज्यमंत्री ने कहा कि बरसात बाद ट्रांस शारदा क्षेत्र में कटान रोकने के लिए स्थाई योजना तैयार करा कर उस पर कार्य कराया जाएगा।
ये रहे मौजूद
पूरनपुर विधायक बाबूराम पासवान, जिलाध्यक्ष भाजपा सुरेश गंगवार, उपाध्यक्ष धीरेंद्र मिश्र, इंद्रदीप सिंह बटन, योगेश कुमार टुन्ना, कबीरगंज प्रधान प्रतिनिधि हरजिंदर सिंह मान, श्रीनगर प्रधान नगीना राम, कुठिया गुदिया के प्रधान प्रतिनिधि हरबंश सिंह, गांधीनगर के प्रधान सुरेश सिंह, अशोक नगर के प्रधान प्रदीप कुमार, शांती नगर के प्रधान सर्वेश कुमार, रामनगर के प्रधान जवाहर लाल, बम्हनपुर भागीरथ के प्रधान गुरदेव सिंह, टाटरगंज के प्रधान कुलवंत सिंह, भाजपा नेता प्रदीप शाही, पूर्व प्रधान अशोक सिंह, प्रभुनाथ मिश्र भी मौजूद रहे।