पीलीभीत। जिले के विकास कार्यों की समीक्षा करने पहुंचे उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि जिले में जैसे कमल खिला है, पीलीभीत को भी कमल की भांति खिलाना ही लक्ष्य है। डबल इंजन की सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचे। जिले में जो भी जरूरत है, उसके प्रस्ताव अलग से भेजे जाएं। पीलीभीत के लिए केंद्र और प्रदेश दोनों सरकारों का खजाना खुला है।
उप मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। कहा कि पुराने पुल-पुलियों का सर्वे कराकर उनकी कार्ययोजना भेजने और गोमती उद्गम स्थल, शारदा डैम व अन्य स्थलों को पर्यटन के रूप में विकसित करने की बात कही। उनके साथ जिले के प्रभारी मंत्री बलदेव औलख भी मौजूद रहे।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शुक्रवार की दोपहर हेलीकाॅप्टर से पुलिस लाइन पहुंचे। गन्ना राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार, एमएलसी डाॅ. सुधीर गुप्ता, जिलाध्यक्ष सजीव प्रताप सिंह, विधायकों, डीएम ज्ञानेंद्र, पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव व एडीएम ऋतु पूनिया ने पुष्प गुच्छ देकर उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने भाजपा कार्यालय पीलीभीत पहुंचकर कोर कमेटी/पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक की। 13 मील ग्राम बकैनिया पूरनपुर पहुंचकर साक्षी फाउंडेशन श्री गुरु आशीष आश्रम में स्वामी प्रेम सुगंध से भेंट की।
समय से पूरा करें निर्माण, गोशालाओं के दुरुस्त रखें सीसी कैमरे
उप मुख्यमंत्री ने विभागीय अफसरों के साथ समीक्षा बैठक की। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को गोशालाओं में सीसी कैमरे की व्यवस्था दुरूस्त कराने का निर्देश दिया। कहा कि गोचर भूमि को चिह्नित कर नैपियर घास लगाई जाए। पूरनपुर-बरेली मार्ग, पूरनपुर-खटीमा मार्ग सहित अन्य मार्गों के निर्माण कार्य को समय से पूरा करने की हिदायत दी।
गोमती उद्गम स्थल, शारदा सागर डैम व अन्य स्थानों को चिह्नित कर पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के संबंध में प्रस्ताव भेजने को कहा। नहरों की सिल्ट सफाई कराने, नदियों की काटन से हुए नुकसान का सर्वे कराकर गांवों में शिविर लगाकर मुआवजा वितरित किए जाने के निर्देश दिए।
पुलों के निर्माण की बनाएं कार्ययोजना, समय से हो गन्ने का भुगतान
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि विशेष अभियान चलाकर पुराने पुलों का सर्वे कराएं और कार्ययोजना बनाई जाए। नगर पालिका बीसलपुर में काशीराम आवास का आवंटन कराने का निर्देश दिया। कहा कि जिन चीनी मिलों ने अब तक किसानों के गन्ने का बकाया भुगतान नहीं किया है, वह मूल्य भुगतान जल्द सुनिश्चित कराएं। जंगल के किनारे जहां तार फेंसिंग नहीं है, उन स्थानों पर तत्काल तार की फेंसिंग कराने के निर्देश डीएफओ को दिए। संपूर्ण समाधान दिवस, थाना समाधान दिवस व ग्राम चौपाल में आने वाली शिकायतों का गुणवत्तापरक व त्वरित निस्तारण करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों से सुझाव लेकर नए धान क्रय केंद्र खोले जाएं।
टीबी के मरीजों को वितरित की पोषण पोटली, बांसुरी भी बजाई
उप मुख्यमंत्री ने गांधी सभागार परिसर में लगे सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन व स्वास्थ्य विभाग के स्टालों का निरीक्षण किया। जिले की पहचान बांसुरी भी बजाई। गांधी सभागार में पांच लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड और छह टीबी मरीजों को पोषण पोटली वितरित की। महिलाओं की गोद भराई की रस्म गई। इस मौके पर बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद, पूरनपुर विधायक बाबूराम पासवान, नगरपालिका अध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल आदि मौजूद रहीं।
राहुल गांधी अवसाद के शिकार, सिर्फ विनाश की करते हैं बात : केशव मौर्य
पीलीभीत। जिले के विकास कार्यों का हाल जानने पहुंचे उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अवसाद के शिकार हैं। वे कभी एटम बम तो कभी हाइड्रोजन बम फोड़ने की बात करते हैं। सिर्फ विनाश की बात करते हैं। भाजपा विकास की बात करती है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस आतंकवाद, अलगाववाद और भ्रष्टाचार की जननी है। जनता ने इन्हें सत्त से बाहर कर दिया। सत्त जाने के बाद से यह बिन पानी मछली की तरह तड़प रहे हैं। आगामी 2047 तक राहुल गांधी और अखिलेश यादव की सत्ता में नो-इंट्री है। संवाद
गन्ना राज्यमंत्री को अपने साथ हेलीकॉप्टर से लखनऊ ले गए उप मुख्यमंत्री
पीलीभीत। जिले के प्रभारी मंत्री बलदेव औलख और गन्ना राज्यमंत्री संजय गंगवार भी उप मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में मौजूद रहे। विकास कार्यों के बारे में जानकारी दी और जिले की अन्य विकास कार्यों की आवश्यकताओं के बारे में भी अवगत कराया। कार्यक्रम के बाद उप मुख्यमंत्री ने गन्ना राज्यमंत्री संजय गंगवार को भी अपने साथ हेलीकाॅप्टर में बिठाकर लखनऊ साथ ले गए।
सपा जिलाध्यक्ष ने उठाए सवाल, बाढ़ पीड़ितों की अनदेखी का लगाया आरोप
पीलीभीत। सपा जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह जग्गा ने प्रेस नोट और वीडियो बयान जारी कर उप मुख्यमंत्री के दौरे पर सवाल उठाए। बाढ़ पीड़ितों की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री का यह दौरा बाढ़ पीड़ितों के लिए नहीं, बल्कि धोखाधड़ी के आरोपी विभोर बत्रा से मुलाकात के लिए था।
जग्गा ने आरोप लगाया कि हजारों लोग शारदापार की बाढ़ से प्रभावित हैं, जहां फसलें नष्ट हो चुकी हैं, पुल क्षतिग्रस्त हैं और गांव जलमग्न हैं, लेकिन उनके कार्यक्रम में इसका जिक्र तक नहीं किया गया। संवाद
प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन को किया संबोधित, सेवा पखवाड़े की समीक्षा
पीलीभीत। भाजपा कार्यालय पहुंचे उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 सालों से निरंतर देश को विकसित भारत की ओर ले जा रहे है। उसमें बुद्धजीवी वर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका है। क्योंकि देश में हर तरह के विकास कार्य की समीक्षा बुद्धिजीवी वर्ग ही करते है। उन्होंने ने जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों की बैठक लेकर जिले में 15 दिवसीय चल रहे सेवा पखवाड़े की समीक्षा की। सम्मेलन में महामंत्री लेखराज भारती, दिनेश पटेल, रेखा सिंह परिहार, जिलाध्यक्ष संयुक्त बार एसोसिएशन धीरेंद्र मिश्र एडवोकेट, महासचिव आनंद मिश्रा, श्यामविहारी भोजवाल आदि मौजूद रहे। संवाद
प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन को संबोधित करते उपमुख्यमंत्री। स्रोत पार्टी कार्यालय
प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन को संबोधित करते उपमुख्यमंत्री। स्रोत पार्टी कार्यालय
प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन को संबोधित करते उपमुख्यमंत्री। स्रोत पार्टी कार्यालय
प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन को संबोधित करते उपमुख्यमंत्री। स्रोत पार्टी कार्यालय
प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन को संबोधित करते उपमुख्यमंत्री। स्रोत पार्टी कार्यालय
प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन को संबोधित करते उपमुख्यमंत्री। स्रोत पार्टी कार्यालय