पीलीभीत। इन दिनों पीलीभीत से बीसलपुर तक का सफर काफी दुश्वार हो गया हैै। करीब चालीस किलोमीटर लंबी खस्ताहाल सड़क पर गड्ढों की भरमार है। दूरी भले ही कम हो मगर इन दिनों समय ज्यादा लग रहा है। गड्ढों के कारण रोजाना ही इस सड़क पर हादसे हो रहे हैं। सबसे ज्यादा खतरा बाइक सवारों के लिए है।
पीलीभीत-बीसलपुर सड़क पर करीब छह महीने पहले पैचवर्क हुआ था। एक दो महीने बाद ही पैचवर्क की बखिया उधड़ने लगी। चुनाव के दौरान विरोध भी देखने को मिला था। सड़क के आसपास बसे गांवों के लोगों का कहना था कि नेता वोट मांगने आ रह हैं, लेकिन जिस टूटी फूटी सड़क से गुजर रहे उसको बनवाने को लेकर एक शब्द तक नहीं बोल रहे। पौटा कलां में एक बाइक सवार ने बताया कि दो दिन पहले उनकी बाइक फिसल गई थी। पैर में चोट लगी।
पंद्रह किलोमीटर तक पूरी तरह से उखड़ चुुकी है सड़क -पौटा कलां से बीसलपुर के बीच करीब पंद्रह किलोमीटर दायरे में सड़क पूरी तरह से उखड़ चकी है। बजाज चीनी मिल के सामने सबसे बुरा हाल है। बारिश होने के बाद यहां सड़क के गड्ढे और खतरनाक हो गए। यहां से हैवी वाहन भी निकलते हैं जिसके चलते हादसे होने की संभावना बढ़ रही है।