कलीनगर (पीलीभीत)। पीलीभीत टाइगर रिजर्व (पीटीआर) के माला रेंज के जंगल से सटे खेत पर धान की रखवाली कर रहे मजदूर को बाघ ने मारा डाला और मुंह में दबाकर जंगल में खींच ले गया। उनका शव जंगल के 200 मीटर अंदर बरामद हुआ। घटना के बाद नाराज ग्रामीणों ने माधोटांडा-पीलीभीत मार्ग पर शव रखकर जाम लगाया। अफसरों के मुआवजा और बाघ को पकड़ने के आश्वासन के बाद ही वे माने।
कलीनगर तहसील क्षेत्र के गांव बासखेड़ा निवासी केदारी लाल (60) चकपुर गांव निवासी बलदेव सिंह के माला जंगल से सटे खेत में धान की रखवाली करते थे। सोमवार को सुबह करीब दस बजे वह खाना खाने के बाद रखवाली करने के लिए खेत पर पहुंचे। इसी दौरान अचानक बाघ ने उनपर हमला कर दिया और मुंह में दबाकर जंगल में खींच ले गया।
पड़ोस के खेत पर रखवाली कर रहे एक अन्य मजदूर ने गांव जाकर पूरे मामले की जानकारी दी। इसके बाद सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण ने वहां पहुंचकर खोजबीन की तो जंगल के दो सौ मीटर अंदर मजदूर का शव बरामद हो गया। उनके एक पैर का हिस्सा बाघ खा गया था।
घटना के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो उठे, शव को माधोटांडा-पीलीभीत मार्ग पर मथना बैरियर के पास ले जाकर रखकर जाम लगा दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि क्षेत्र में लगातार घटनाएं होने के बाद भी वन विभाग बाघ को नहीं पकड़ रहा है।
करीब दो घंटे बाद पुलिस और प्रशासनिक अफसरों की मौजूदगी में वन अफसरों ने मुआवजे और बाघ को पकड़ने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने शव को उठने दिया। एसडीओ अंजनी कुमार ने बताया कि बाघ को पकड़ने के लिए अनुमति मांगी गई है। इसके बाद उसे पकड़ने के प्रयास किए जाएंगे।