बिलसंडा। पुवायां-बमरौली मार्ग पर पिकअप की टक्कर से कॉलेज जा रहे बाइक सवार छात्र की मौत हो गई। चालक पिकअप छोड़कर भाग गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पिता की तहरीर पर नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है।
थाना क्षेत्र के गांव तिल्छी निवासी 18 वर्षीय गुुरुजीवन सिंह पुत्र कंवलजीत सिंह पुवायां (शाहजहांपुर) के एक इंटर कॉलेज में हाईस्कूल का छात्र था। शनिवार की सुबह छात्र साढ़े छह बजे बाइक से कॉलेज जाने के लिए निकला। पुवायां-बमरौली मार्ग पर चपरौआ गांव के पास पहुंचते ही पिकअप ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। चालक पिकअप छोड़कर भाग गया। राहगीरों से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। परिवार वाले भी आ गए। इंस्पेक्टर विरजाराम ने बताया कि पिकअप को कब्जे में ले लिया गया है। उधर, शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पिता से मिली तहरीर पर पिकअप चालक तिल्छी गांव निवासी शरीफ पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।
बिलसंडा। गांव गुलड़िया मरौरी निवासी सर्वेश कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 15 नवंबर को चाचा प्रदीप और सतनपाल बाइक से काम निपटाकर कस्बे से लौट रहे थे। खदनिया देवस्थल के पास पहुंचते ही गन्ना लदे ट्रक की टक्कर से दोनों घायल हो गए थे। सीएचसी के बाद जिला अस्पताल में दोनों का इलाज चला था। इंस्पेक्टर विरजाराम ने बताया कि अज्ञात चालक पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।