पीलीभीत। जिला अस्पताल में फिजियोथेरेपी की सुविधा नहीं है। सर्वाइकल और हड्डी से संबंधित समस्या से जूझ रहे मरीजों को चिकित्सक प्राइवेट फिजियोथेरेपी सेंटर पर जाकर उपचार की सलाह दे रहे हैं। वहीं निजी सेंटर संचालक मनमानी फीस वसूल रहे हैं।
अनियमित दिनचर्या, कंप्यूटर या लैपटॉप पर लगातार काम करने से लोग सर्वाइकल की चपेट में आ रहे हैं। इनका उपचार योगाभ्यास, तकनीकी उपकरण व व्यायाम से होता है।
इसको लेकर जिला अस्पतालों में फिजियोथेरेपी की सुविधा होती है। मगर पीलीभीत में फिजियोथेरेपिस्ट की तैनाती नहीं हो पाई।
रोजाना सर्वाइकल व असाधरण दर्द को लेकर 100 से अधिक मरीज जिला अस्पताल आते हैं। जिन्हें मामूली दर्द की गोलियां देकर लौटा दिया जाता है। यहीं नहीं अस्पताल में हड्डी के ऑपरेशन के बाद अधिकांश मरीजों को चिकित्सक मजबूरी में प्राइवेट फिजियोथेरेपी सेंटर पर जाने की सलाह दे रहे हैं।