पीलीभीत। सात दिवसीय विभागीय प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद महिला परिचालक अपनी जिम्मेदारी संभालेंगी। नियुक्त हुईं सभी महिला परिचालकों का प्रशिक्षण शुरू हो गया है। महिला परिचालकों के कार्यभार ग्रहण करने से बस संचालन की डगर सुगम हो सकेगी।
पीलीभीत डिपो से 120 बसों का संचालन किया जा रहा है। चालक-परिचालकों की कमी से रोजाना करीब 20-25 बसों का संचालन नहीं हो पा रहा था। इससे विभाग को रोजाना लाखों रुपये का नुकसान हो रहा था। हाल ही में बरेली में महिला परिचालक के लिए भर्ती प्रक्रिया हुई। इसमें 90 के सापेक्ष स्थानीय डिपो के लिए 38 महिला परिचालकों की नियुक्त हुई थी। इसमें से 33 महिला परिचालक ने दूसरे दिन ही ज्वाइन कर लिया था। जबकि पांच शेष रह गई थी। अब सभी ने यहां आकर अपना पदभार ग्रहण कर लिया।
अब इन महिला परिचालकों की विभागीय स्तर से सात दिवसीय ट्रेनिंग होगी। इसमें महिला परिचालकों को टिकट काटने,कैश जमा करने मशीन संचालन करने सहित अन्य विभागीय कार्याें को समझाया जाएगा। जिससे कार्य करते समय उन्हें कोई दिक्कत न हो। एआरएम पवन कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि महिला परिचालकों ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है। सात दिवसीय प्रशिक्षण दिया जाएगा।