पीलीभीत। शहर के युवक संघ पुस्तकालय के निकट शनिवार रात दो समुदायों के दो युवकों के बीच हुए विवाद के बाद हंगामा हो गया। एक युवक ने दूसरे समुदाय के युवक को थप्पड़ मार दिया। इससे भीड़ एकत्र होने लगी। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है।
शहर कोतवाली क्षेत्र में शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे युवक संघ पुस्तकालय के निकट दो युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। इसी दौरान एक युवक ने दूसरे समुदाय के युवक को थप्पड़ मार दिया। थप्पड़ मारने की घटना के बाद दोनों पक्षों के लोग एकत्र होने लगे। देखते ही देखते वहां भीड़ जुट गई और हंगामे की स्थिति बन गई। किसी व्यक्ति द्वारा पुलिस को सूचना दिए जाने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की। इसपर स्थिति सामान्य हो गई। कोतवाल सत्येंद्र कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों को समझाकर शांत करा दिया गया है। अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है।