खण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय के पास कई वर्षों से बना खड़ा भवन संवाद
बरखेड़ा। कस्बे में माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से छात्रावास भवन का निर्माण तो करा दिया गया लेकिन इसमें प्रवेश की प्रक्रिया अब तक शुरू नहीं हो सकी है।
मंगलवार को उपजिलाधिकारी नागेंद्र पांडेय खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर में बने छात्रावास भवन का निरीक्षण करने पहुंचे। मौके पर शिक्षा विभाग के कर्मचारी व अधिकारी न होने से कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी। बाद में एसडीएम ने जिला विद्यालय निरीक्षक को भवन के बारे में जानकारी करने के निर्देश दिए। उपजिलाधिकारी के जाने के बाद खंड शिक्षा अधिकारी अजय कुमार ने बताया कि यह बालिका छात्रावास का भवन है। इसे माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से बालिकाओं के रहने के लिए कई साल पहले बनाया गया।
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की कक्षा 9, 10, 11 और 12 की दूर-दराज से आने वाली छात्राओं को इसमें प्रवेश दिया जाना है। अभी यह भवन राजकीय बालिका इंटर कॉलेज को हस्तांतरित नहीं किया गया है। पूछे जाने पर जिला विद्यालय निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि यह मामला संज्ञान में नहीं है। जानकारी लेकर जांच की जाएगी।