बरखेड़ा में विरोध प्रदर्शन करती महिलाएं। स्रोत- स्वयं
बरखेड़ा। कस्बे के वार्ड-चार में बनवाई जा रही सीसी सड़क के निर्माण को मेला कमेटी की ओर से रुकवा दिए जाने के विरोध में लोगों ने प्रदर्शन किया। उधर, नगर पंचायत अध्यक्ष ने मेला कमेटी के लोगों पर सड़क निर्माण में अवरोध पैदा करने का आरोप लगाकर जिलाधिकारी से शिकायत की है।
कस्बे के वार्ड चार में मेला मैदान के किनारे से सीसी रोड का निर्माण पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर विकास योजना के तहत स्वीकृत हुआ है। रामलीला मेला मैदान गेट से सड़क का निर्माण शुरू कराया गया। इसका विरोध करते हुए मेला कमेटी के लोगों ने मंगलवार की शाम काम रुकवा दिया था। इस पर वार्ड की महिलाओं ने बुधवार को मेला कमेटी के प्रति नाराजगी जताते हुए प्रदर्शन किया। मामले में नगर पंचायत अध्यक्ष श्याम बिहारी भोजवाल ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर उन्हें शिकायती पत्र दिया। इस पत्र मेंं बताया कि मेला कमेटी के लोग अनावश्यक विरोध कर रहे हैं, जबकि वार्ड के निवासियों का यही निकास है। उन्होंने रोड निर्माण में बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के साथ ही कार्य पूर्ण कराने की अनुमति देने की मांग की है। संवाद