बीसलपुर। सहकारी चीनी मिल की जांच टीम ने खराब गन्ने से भरी 16 ट्रॉलियां अस्वीकृत कर दीं। इस पर किसानों ने काफी हंगामा किया और तौल बंद करा दी। अधिकारियों को स्थिति नियंत्रित करने के लिए चीनी मिल के सुरक्षा गार्ड बुलाने पड़े।
किसान सहकारी चीनी मिल की जांच टीम ने सोमवार को सुबह करीब 6:30 बजे केन यार्ड में खड़ी खराब गन्ने से भरी 16 ट्रॉलियां अस्वीकृत कर दीं। टीम के संबंधित किसानों से गन्ना भरी ट्रॉलियां बाहर ले जाने के लिए कहा। किसानों ने उनकी बात नहीं मानी और मिल गेट स्थित तीनों केंद्रों पर गन्ने की तौल ठप करा कर हंगामा करना शुरू कर दिया। क्रय केंद्र प्रभारियों के समझाने पर भी जब किसान नहीं माने तो मुख्य गन्ना अधिकारी अवधेश कुमार ने नाराज किसानों को समझाने का प्रयास किया। स्थिति बिगड़ते देखकर मुख्य अधिकारी ने सुरक्षा गार्ड भी बुलवा लिए। मुख्य गन्ना अधिकारी ने यह कहकर किसानों को समझाया कि यदि वह खराब गन्ना तौल लेंगे तो उनकी नौकरी संकट में पड़ जाएगी। मुख्य गन्ना अधिकारी की यह बात सुनकर किसान शांत हो गए। उसके बाद सवा सात बजे गन्ने की तौल चालू हो गई। हंगामा के कारण करीब पौन घंटे तक गन्ने की तौल ठप रही।