पीलीभीत। माध्यमिक स्कूलों के बच्चों को अब शिक्षा के साथ खेल सुविधाओं के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। इसके लिए ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज में मिनी इंडोर स्टेडियम के निर्माण के लिए शासन से मंजूरी मिल गई है। 4.92 करोड़ की लागत से स्टेडियम को तैयार किया जाएगा। पहली किश्त भी जारी कर दी है। जल्द ही निर्माण शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है।
शहर में ब्रिटिश काल के दौरान बने ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में काफी बड़ा मैदान है। इस मैदान का उपयोग कॉलेज के छात्र खेल गतिविधियों में करते हैं। अन्य स्कूलों के बच्चे भी इस मैदान पर होने वाले कई खेलों में प्रतिभाग करते हैं। मैदान की आधी-अधूरी व्यवस्थाओं के चलते विद्यार्थी अपनी खेल प्रतिभा को नहीं निखार पाते हैं। हर साल माध्यमिक स्कूलों की प्रतियोगिताएं भी कराई जाती हैं। वॉलीबॉल आदि प्रतियोगिताओं में कई छात्र प्रदेश स्तर तक अपनी पहचान भी बना चुके हैं। इसको देखते हुए विभाग ने ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज में मिनी इंडोर स्टेडियम के लिए प्रस्ताव बनाकर भेजा था। इस पर शासन ने मंजूरी दे दी। शासन की ओर से 4.92 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया है। पहली किश्त के रूप में दो करोड़ से अधिक का बजट भी जारी कर दिया है। संभावना जताई जा रही है कि कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्टेडियम का निर्माण शुरू कर दिया जाएगा।
खास यह है कि 1800 वर्ग मीटर में बनने वाला इंडोर स्टेडियम विशाल होगा। स्टेडियम में बच्चों को खेल सुविधाएं मिल सकेंगी। डीआईओएस राजीव कुमार ने बताया कि ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज में इंडोर मिनी स्टेडियम को मंजूरी मिल है। करीब 2.16 करोड़ रुपये की पहली किश्त भी जारी हो गई है। स्टेडियम के बनने से विद्यार्थियों को खेल सुविधा मिलेगी। इससे वह अपने प्रदर्शन को बेहतर कर सकेंगे।