पीलीभीत। दियोरिया मार्ग पर संचालित बस का संचालन बंद होने से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। बस न चलने से लोगों को डग्गामार वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है।
स्थानीय डिपो से सौ से अधिक बसों का संचालन हो रहा है। डिपो से लंबे मार्गों पर तो बसों का संचालन अधिक है लेकिन स्थानीय मार्गों के यात्री परेशान हैं। कुछ माह पहले यात्रियों की मांग को लेकर दियोरिया मार्ग पर बस संचालित की गई थी। कुछ समय बाद बस संचालन बंद कर दिया। इस मार्ग के 50 से अधिक गांवों के लोगों को डग्गामार वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है। यात्री ई-रिक्शा, टेंपो आदि से तहसील मुख्यालय पहुंच रहे हैं। सबसे अधिक परेशानी छात्र-छात्राओं को हो रही है। शाम छह बजे के बाद यहां से गांवों को जाने वाले यात्रियों को काफी दिक्कत झेलनी पड़ रही है। एआरएम विपुल पाराशर ने बताया कि बस संचालन को लेकर लगातार निगरानी की जा रही है। इस मार्ग पर बस संचालन नहीं हो रहा है। जानकारी कर बस संचालन कराया जाएगा।