पीलीभीत। अमरिया ब्लॉक की ग्राम पंचायत रफियापुर में कराए गए मनरेगा कार्यों में वित्तीय अनियमितता मिलने पर मनरेगा लोकपाल गेंदनलाल वर्मा ने प्रधान, पंचायत सचिव और तकनीकि सहायक से 70,929 रुपये की वसूली का निर्देश दिया है। प्रधान, पंचायत सचिव, रोजगार सेवक और तकनीकि सहायक पर एक-एक हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है।
ग्राम पंचायत रफियापुर के निवासी कांता प्रसाद ने छह नवंबर को मनरेगा लोकपाल को शिकायती पत्र दिया था। इसमें पक्की रोड से लालता प्रसाद के घर तक इंटरलाकिंग व नाला निर्माण, लालमन के खेत से सिराज के खेत तक चकमार्ग के काम में वित्तीय अनियमितता की शिकायत की थी। फर्जी हाजिरी लगाकर धनराशि के बंदरबांट का आरोप प्रधान, सचिव, रोजगार सेवक व तकनीकि सहायक पर लगाया था।
जांच में आरोप सही पाए गए। एनएमएमएस ऐप पर लगाई गई मजदूराें की हाजिरी गलत मिली। प्रथमदृष्टया 70,929 रुपये की धनराशि का दुरुपयोग मिला। मनरेगा लोकपाल ने इस धनराशि की वसूली प्रधान, पंचायत सचिव व तकनीकि सहायक से बराबर भाग में करने का आदेश दिया है।