मेडिकल कॉलेज में पूछताछ केंद्र पर महिला को ओआरएस का घोल देता कर्मी । संवाद
हेल्पडेस्क पर लू से बचाव के लिए की गई है व्यवस्था
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। बढ़ते तापमान के कारण इस समय लोग लू की चपेट में आ रहे है। इससे बचाव की जहां लोगों को जानकारी दी जा रही है तो अब मेडिकल कॉलेज में उससे बचाव की व्यवस्था भी की गई है। यहां पर लू से बचाव के लिए ठंडा ओआरएस का घोल रखवाया गया है। इसे जरूरतमंद मरीजों को दिया जाएगा।
मौजूदा समय में जबरदस्त गर्मी पड़ रही है तो लू भी चल रही है। ऐसे में लोगों का गला सूख रहा है। यही नहीं वे लू के शिकार भी हो रहे हैं। मेडिकल कॉलेज में ऐसे मरीजों की सुविधा के लिए सीएमएस के निर्देश पर व्यवस्था की गई है। यहां पर हेल्पडेस्क पर ही ओआरएस के पैकेटों के अलावा उसका ठंडा घोल भी रखवाया गया है।
दवा लेने आए किसी भी व्यक्ति को यदि चक्कर आते हैं अथवा चिकित्सक राय देते हैं तो उन्हें यह घोल पिलाया जाएगा। यह व्यवस्था अस्पताल में मंगलवार से शुरू की गई है। सीएमएस डॉ. संजीव सक्सेना ने बताया गर्मी के चलते यह व्यवस्था की गई है ताकि लोगों को लू (हीट वेब) से बचाया जा सके।