बरखेड़ा। सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर मरीजों की भीड़ उमड़ी। सुबह से ही ओपीडी में मरीज उमड़ने लगे। डाक्टर से परामर्श और दवा लेने के लिए मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ा।
पर्चा बनवाने से लेकर दवा लेने तक मरीजों को लंबी कतारों में लगकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। अस्पताल के अंदर हाल भर जाने पर कई मरीज बाहर गेट पर इंतजार करते नजर आए। चिकित्सक डॉ. विजय तिवारी ने बताया कि सर्दी, जुकाम एवं वायरल बुखार के मरीजों की संख्या ज्यादा रही। प्रधानमंत्री मातृत्व जांच शिविर में क्षेत्र से आई गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच कर दवा दी गई। गर्भवती महिलाओं को देख रही चिकित्सक डॉ. मनीषा चौरसिया ने बताया कि शिविर में 114 गर्भवती महिलाओं का परीक्षण किया गया। इसमें 43 महिलाओं का अल्ट्रासाउंड जांच कर दवा दी गई। 67 महिलाओं की अन्य जांचकर दवा दी गई। संवाद