पूरनपुर। नदी से निकलकर हाईवे पार कर दूसरी ओर तेंदुआ को जाते देख वाहनों के पहिये थम गए। राहगीरों ने बाघ होने का शोर मचा दिया। सूचना पर सामाजिक वानिकी की टीम पहुंची। टीम को बाघ नहीं तेंदुआ के आसपास चहल-कदमी होना मिली।
घटना सोमवार शाम को असम हाईवे पर गावं कढेरचौरा के आगे झुकना नदी के समीप की है। नदी से निकला तेंदुआ हाईवे पार करता हुआ दूसरी ओर नदी में चला गया। हाईवे पर तेंदुआ को देखकर राहगीरों ने बाघ होने का शोर मचाया। कई वाहन सवार राहगीर रुक गए। हालांकि कुछ देर बाद तेंदुआ के नदी की झाड़ियों में जाने पर आवागमन सामान्य हो गया। कुछ राहगीरों ने इसकी सूचना सामाजिक वानिकी के रेंजर सोबरन लाल को मोबाइल पर दी।
रेंजर ने बताया कि झुकना नदी पीलीभीत और शाहजहांपुर सामाजिक वानिकी रेंज का बाॅर्डर है। नदी किनारे झाड़ियां और पानी होने पर तेंदुए की अक्सर चहल-कदमी रहती है। टीम को तेंदुआ के पैरों के निशान तो नहीं मिले, लेकिन तेंदुआ की चहल कदमी की सूचना सटीक मिली है। संवाद