पंचायत चुनाव की आहट शुरू होते ही पुलिस महकमें ने चुनाव को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। चुनाव सेल गठित कर पुलिस लाइंस स्थित एक भवन पर इसका दफ्तर खोल दिया गया। एएसपी सुधीर कुमार सिंह को चुनावी तैयारियों का नोडल अधिकारी बनया गया है।
पंचायत चुनाव अक्तूबर माह में होने की संभावना है। चुनावी तैयारियों के लिए पुलिस लाइंस स्थित एक भवन पर चुनाव सेल दफ्तर खोला गया। इसका प्रभारी सीओ बृजवीर सिंह और नोडल अधिकारी एएसपी सुधीर कुमार सिंह को बनाया गया है। इसके अलावा इंस्पेक्टर सुदर्शन सिंह कटोक्ष व एक हेड कांस्टेबल व चार सिपाही भी तैनात चुनाव सेल में तैनात किए गए हैं। नोडल अधिकारी सुधीर सिंह ने बताया कि जिले में पहले 599 ग्राम पंचायतें थी।
इस बार 122 नई ग्राम पंचायतें और बढ़ गईं हैं। संवेदनशील व अति संवेदनशील गांवों को चिन्हित करने के लिए जो मानक तय किए गए हैं। उसमें संभावित प्रत्याशियों की छवि, पुराने झगड़े और जातिगत आंकड़ों को भी शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि हर थाने पर चुनाव सेल गठित किया गया है। इसमें एक एसआई व एक सिपाही को नियुक्ति किया गया है।
थाने पर गठित चुनाव सेल प्रतिदिन की थाना स्तर पर की गई चुनाव संबंधी कार्रवाई जिला चुनाव सेल को भेजेंगे। सभी थानेदारों को संभावित प्रत्याशियों की सूची और उनकी छवि आदि की जानकारी मांगी गई है। इसके अलावा ऐसे लोग जो चुनाव के दौरान माहौल बिगाड़ सकते हैं। उनके खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई शुरू करने के आदेश भी दिए गए हैं।