संवाद न्यूज एजेंसी
पूरनपुर। धान खरीद की औपचारिकता के बाद दूसरे दिन धान की खरीद न होने पर किसान नेता ने हंगामा कर डस्टर, नमी मापक यंत्र, मेज, कुर्सी उठाकर फेंकना शुरू कर दिया। हंगामे के बाद किसान नेता, उसके पिता और एक अन्य किसान के धान के धान की खरीद शुरू की गई। तीन दिन में दो किसानों के नाम पर मात्र 162 क्विंटल धान की खरीदा गया।
जिले में 148 धान खरीद केंद्रों में 50 धान खरीद केंद्र पूरनपुर में लगाए गए है। इसमें से मंडी समिति परिसर में 29 खरीद केंद्रोंं में 16 खरीद केंद्र खाद्य विभाग के, दो खरीद केंद्र मंडी समिति के, पांच पीसीयू, तीन पीसीएस और एक एफसीआई का धान खरीद केंद्र स्वीकृत है। किसानों के धरना प्रदर्शन के बाद 12 अक्तूबर को धान खरीद की औपचारिकता शुरू की गई। पहले दिन गांव मुझा के किसान नेता बलजिंदर सिंह के पिता चंचल सिंह के नाम 4.40 क्विंटल धान खरीदा गया। दूसरे दिन मंगलवार को दोपहर दो बजे तक खरीद खरीद न होने पर किसान नेता बलजिंदर सिंह ने हंगामा किया। खरीद केंद्र पर रखे डस्टर, नमी मापक यंत्र, कुर्सी, मेज फेंकना शुरू कर दी। किसान नेता के हंगामा पर मंगलवार को उसनके पिता के नाम 118 क्विंटल धान खरीदा गया। बुधवार को भी खाद्य विभाग के खरीद केंद्र पर किसान नेता और गांव पिपरिया जयभद्र के किसान बूटा सिंह का धान खरीदा गया। खाद्य विभाग के चार खरीद केंद्रों के अलावा मंडी समिति के किसी भी खरीद केंद्र पर धान की खरीद शुरू नहीं हो सकी। गांवों में स्वीकृत खरीद केंद्रों पर अब तक खरीद शुरू करने के मात्र बैनर टांगने के अलावा और कोई इंतजाम नहीं किए गए। अन्नदाता किसान यूनियन के प्रदेश सचिव बलजिंंदर सिंह ने बताया कि मंडी के चार खरीद केंद्रों के अलावा अभी तक किसी भी खरीद केंद्र पर धान की खरीद शुरू नहीं हुई है।
आढ़तियों, माफियाओं ने सुखाने को फैला रखा है धान
पूरनपुर। मंडी समिति के अधिकांश भाग में सुखाने को धान फैलाया गया है। धान लेकर बिक्री को आने की तैयारी में लगे किसान धान किस स्थान पर लाकर डालेगे। इसको लेकर चिंतित है। 12 अक्तूबर को किसानों ने धरना प्रदर्शन के दौरान मंडी परिसर में आढ़तियों, माफियों के धान फैलाने की शिकायत एसडीएम से कर फड़ों को खाली कराने की मांग की थी। मगर बुधवार को भी मंडी समिति के अधिकांश भाग में सुखाने को फैलाया गए धान को नहीं हटवाया गया।
डस्टर, कांटा, नमी मापक यंत्र और खरीद केंद्र प्रभारी कुछ भी नहीं
मंडी समिति के खाद्य विभाग के धान खरीद केंद्रों के अलावा अन्य खरीद केंद्रों पर मात्र बैनर लटक रहे है। इन खरीद केंद्रों पर डस्टर, नमी मापक यंत्र और खरीद केंद्र प्रभारी तक पहुंचना शुरू नहीं हुए।
धान खरीद केंद्रों पर अभी धान की आवक शुरू नहीं हुई है। जो किसान पहुंच रहे है उनका धान खरीदा जा रहा है। परिसर में कुछ किसानों का ही धान सुखाने को फैलाया गया है।
- मयंक गोस्वामी, एसडीएम