नौगवां रेलवे क्रासिंग पर ओवरब्रिज निर्माण में विद्युत लाइनें हटने के बाद तेजी आ गई है, लेकिन सेतु निगम ने अभी तक सर्विस रोड का काम शुरू नहीं किया है। सर्विस रोड न बनने से राहगीरों को दिक्कत आ रही है और आए दिन लोग घायल हो रहे हैं।
शहर की नौगवां क्रासिंग पर करीब दो माह पूर्व ओवरब्रिज का निर्माण शुरू कराया गया था। इस कार्य में निर्माण क्षेत्र से गुजर रही बिजली लाइनों के कारण दिक्कत आ रही थी, जिसे प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद हटा दिया गया। रविवार को मार्ग को क्रास कर रही 33 हजार केवीए की लाइन को भी हटवा दिया गया। इससे ओवरब्रिज निर्माण में तेजी आ गई है। ओवरब्रिज निर्माण के साथ इसके दोनों ओर सर्विस मार्ग मनाने के निर्देश प्रशासन ने सेतु निगम अधिकारियों को दिए थे, लेकिन अब तक सर्विस रोड का काम शुरू नहीं हुआ है। निर्माण क्षेत्र में सर्विस रोड न होने से इधर से गुजरने वाले राहगीरों को दिक्कत आ रही है। खराब मार्ग पर निकलने वाले चौपहिया वाहन, रिक्शा और तांगे अक्सर क्षतिग्रस्त हो जाते हैं साथ ही इसमें सवार लोग भी घायल हो जाते हैं।
जल्द शुरू होगा सर्विस रोड का काम
नौगवां ओवरब्रिज निर्माण में आड़े आ रहे बिजली लाइन, ट्रांसफार्मर व पोल हटने का काम चल रहा था जिससे सर्विस घरोड बनाने में दिक्कत आ रही थी। अब पोल व ट्रांसफार्मर हट गए हैं। जल्द ही सर्विस रोड का काम शुरू कराया जाएगा।
- वीके सेन, अधिशासी अभियंता, सेतु निर्माण निगम