जनपदीय माध्यमिक विद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता की ओवरऑल चैंपियनशिप पर सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज पूरनपुर ने लगातार तीसरी बार कब्जा किया है। सीनियर बालिका वर्ग में ज्योति और बालक वर्ग में अनुभव ने व्यक्तिगत चैंपियनशिप जीती। एडीएम ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। इस मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए।
गांधी स्टेडियम में चल रही प्रतियोगिता में रविवार को रिले रेस, भाला फेंक, ऊंची कूद आदि की स्पर्धाएं हुईं। दोपहर करीब पौने दो बजे समापन समारोह हुआ। इसमें विद्यार्थियों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किये। व्यक्तिगत चैंपियनशिप की श्रृंखला में सीनियर बालिका वर्ग में ज्योति व बालक वर्ग में अनुभव सिंह, जूनियर बालक वर्ग में आकाश पांडेय, हिमांशु सक्सेना व बालिका वर्ग में कविता शर्मा और सबजूनियर बालिका वर्ग में तान्या कश्यप अव्वल रहीं। विद्यालय स्तरीय चैंपियनशिप में सीनियर बालक वर्ग, जूनियर बालक वर्ग, सबजूनियर बालक वर्ग में सरस्वती विद्या मंदिर पूरनपुर, सीनियर व जूनियर बालिका वर्ग, सब जूनियर बालिका वर्ग में वीरांगना अवंती बाई जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज पीलीभीत अपने अपने वर्गों में विजेता रहे। एडीएम अजयकांत सैनी ने विजेता टीमों व प्रतिभागियों को सम्मानित किया। इस मौके पर डीआईओएस अनिल कुमार मिश्रा, क्रीड़ा सचिव श्यामा कुमार, विजय कुमार पाल, धनपाल शर्मा, सखविंदर कौर, ब्रहमशंकर गंगवार, निरूपमा शर्मा, वानासुर, शमशुद्दीन अंसारी, राजेश शुक्ला, रमेशचंद्र, संजय पांडेय, संजय सरकार, करुणाशंकर शुक्ला, बबितारानी, विजय लक्ष्मी, अंजू गंगवार, संजीव वर्मा, अरुण चंद्रा आदि मौजूद रहे।